सीआईआई झारखंड ने एक्सएलआरआई-एक्ससीड और यंग इंडियंस (वाईआई) के सहयोग से बुधवार को ‘नेक्सजेन हडल’ का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पारिवारिक व्यवसाय से जुड़े अगली पीढ़ी के उद्यमियों को नेतृत्व, उत्तराधिकार योजना और बदलते कारोबारी माहौल से निपटने की रणनीतियों से अवगत कराना था। इसमें विभिन्न पारिवारिक व्यवसायों से जुड़े 25 युवा उद्यमियों ने भाग लिया।
एक्सएलआरआई-एक्ससीड के सीईओ एवं एसोसिएट डीन (एग्जीक्यूटिव एजुकेशन) सुनील सारंगी ने भविष्य के लिए मजबूत पारिवारिक व्यवसाय तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पीढ़ीगत बदलाव, प्रभावी संवाद, नेतृत्व विकास, पारिवारिक मूल्यों को बनाए रखते हुए व्यवसाय के आधुनिकीकरण तथा नए विकास के अवसरों पर जोर दिया।सीआईआई झारखंड फैमिली बिजनेस पैनल के संयोजक एवं मल्टीटेक कंपोनेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक कृष्णा खारिया ने उत्तराधिकार योजना, नवाचार, पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण और युवा नेतृत्व को तैयार करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और एक-दूसरे से सीखने का अवसर प्राप्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से युवा उद्यमियों को पारिवारिक व्यवसाय के प्रभावी प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सतत विकास के लिए आवश्यक रणनीतियों की जानकारी दी गई। साथ ही, सीआईआई झारखंड ने भविष्य के उद्योग नेतृत्व को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
