October 31, 2026
WhatsApp Image 2026-10-31 at 12.14.27 PM

टाटा स्टील में आगामी 1 नवंबर से करीब 2800 कर्मचारियों की जनरल शिफ्ट ड्यूटी व्यवस्था में बदलाव होने जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग समय पर संचालित होने वाली जनरल शिफ्ट को एक समान कर दिया जाएगा। सभी संबंधित कर्मचारी सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक ड्यूटी करेंगे। नई व्यवस्था लागू करने से पहले कंपनी प्रबंधन की ओर से 15 अक्टूबर से इसका ट्रायल भी कराया जा रहा है।
बताया जाता है कि नई शिफ्ट व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों के बीच सबसे बड़ी चिंता कंपनी के मेन गेट पर लगने वाली भीड़ और जाम को लेकर थी। इस संबंध में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष को भी जानकारी दी गई थी। कर्मचारियों को गेट पर किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए कंपनी के चीफ एचआरबीपी यशवंत पांडे ने आश्वासन दिया था कि इंटीग्रेटेड गेट पर कर्मचारियों को गेट पास सटाकर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिससे एक साथ कर्मचारियों के पहुंचने पर भी गेट पर भीड़ और जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
हालांकि, 15 अक्टूबर से चल रहे ट्रायल के दौरान फिलहाल प्रवेश व्यवस्था में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला है। कर्मचारियों को पहले की तरह ही कंपनी के मेन गेट स्थित इंटीग्रेटेड गेट पर अपना गेट पास दिखाकर प्रवेश लेना पड़ रहा है। ऐसे में कर्मचारियों के बीच यह सवाल उठने लगा है कि 1 नवंबर से नई शिफ्ट व्यवस्था पूरी तरह लागू होने के बाद गेट पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रबंधन क्या वैकल्पिक व्यवस्था करेगा।
करीब 2800 कर्मचारियों के एक ही समय पर ड्यूटी पर आने और छुट्टी के समय बाहर निकलने की स्थिति में गेट प्रबंधन की व्यवस्था महत्वपूर्ण होगी। अब कर्मचारियों की नजर इस बात पर है कि नई जनरल शिफ्ट लागू होने से पहले प्रवेश और निकास व्यवस्था में कोई ठोस बदलाव किया जाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *