September 15, 2026
image (4)

गया जी जिले के मानपुर स्थित मुफस्सिल थाना पुलिस ने शिकहर मोड़ के पास एक कबाड़ दुकान में छापेमारी कर मकान निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली दर्जनों सेंटरिंग प्लेट बरामद की हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से निर्माण सामग्री चोरी के मामले का खुलासा हुआ है. इस मामले में गांधी नगर निवासी कबाड़ दुकानदार भोला कुमार और जगदीशपुर निवासी मोहम्मद सैफ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. एसआई सुधा कुमारी के लिखित आवेदन के आधार पर दोनों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया. न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में मानपुर इलाके में चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. बंद घरों और दोपहिया वाहनों की चोरी के साथ-साथ बदमाश निर्माणाधीन मकानों से सेंटरिंग प्लेट और अन्य निर्माण सामग्री भी चोरी कर कबाड़ दुकानों में बेच रहे थे. मुफस्सिल थाना पुलिस ने बताया कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है. पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि चोरी की अन्य वारदातों में भी इन आरोपियों की संलिप्तता रही है या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *