July 23, 2026
FOOTBALL

डूरंड कप का ट्रॉफी टूर बुधवार को कोलकाता पहुंचने के साथ ही अपने सभी पांच मेज़बान राज्यों की यात्रा पूरी कर चुका है। 25 जुलाई से शुरू होने वाले एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट से पहले रांची से पहुंची प्रतियोगिता की तीनों प्रतिष्ठित ट्रॉफियों का एओआई विजय दुर्ग में आयोजित भव्य समारोह और प्रेस वार्ता के दौरान औपचारिक प्रदर्शन किया गया। इसके साथ ही देशव्यापी ट्रॉफी टूर का समापन हुआ और अब ‘सिटी ऑफ जॉय’ में फुटबॉल महाकुंभ के आगाज़ की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।

समारोह में पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग तथा उपभोक्ता मामले विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री डॉ. इंद्रनील खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मुख्यालय पूर्वी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ एवं डूरंड कप आयोजन समिति के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल गंभीर सिंह, यूवाईएसएम, एवीएसएम, वाईएसएम; पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग तथा सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री राजेश पांडे, आईएएस; बंगाल सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग एवं डूरंड कप आयोजन समिति के उपाध्यक्ष मेजर जनरल दिनेश कुमार सिंह, एसएम, वीएसएम; वरिष्ठ नागरिक एवं सैन्य अधिकारी, भाग लेने वाले क्लबों के प्रतिनिधि, प्रायोजक, साझेदार तथा फुटबॉल जगत के अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

पश्चिम बंगाल सरकार के युवा सेवा एवं खेल विभाग तथा उपभोक्ता मामले विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री डॉ. इंद्रनील खान ने कहा, “इस वर्ष डूरंड कप के दौरान कोलकाता को उद्घाटन मुकाबले और फाइनल सहित कुल 16 मैचों की मेज़बानी का अवसर मिला है, जो हमारे राज्य के प्रत्येक फुटबॉल प्रेमी के लिए गर्व का विषय है। हाल ही में आयोजित फीफा क्लब विश्व कप के दौरान हम सभी ने दुनिया भर के क्लबों का समर्थन किया। अब समय आ गया है कि हम भारतीय फुटबॉल और अपने खिलाड़ियों के समर्थन में एकजुट हों। मैं पश्चिम बंगाल के सभी फुटबॉल प्रेमियों से अपील करता हूं कि उद्घाटन मैच से लेकर फाइनल तक स्टेडियमों को दर्शकों से भर दें, क्योंकि हमारे खिलाड़ियों के लिए समर्पित प्रशंसकों का समर्थन सबसे बड़ी प्रेरणा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *