जमशेदपुर सिटी फोरम की ओर से रविवार को मेयर सुधा गुप्ता, डिप्टी मेयर राहुल कश्यप व सभी वार्ड पार्षदों को सम्मानित किया गया. इस मौके पर मेयर सुधा गुप्ता ने कहा कि शहरवासियों ने समृद्ध, स्वच्छ व बेहतर मानगो को जो सपना देखा है वे उसे डिप्टी मेयर, वार्ड पार्षदों व क्षेत्रवासियों के सहयोग से साकार करेंगी. उन्होंने कहा कि बेहतर मानगो को लेकर उन्होंने 16 अप्रैल को हुई पहली बोर्ड मीटिंग में रूपरेखा तैयार कर ली है. आने वाले दिनों में मानगो अंधेरे में नहीं बल्कि जगमगता रहेगा। स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होंगी. लोगों को स्वच्छ व बेहतर क्वालिटी का पानी मिलेगा. मानगो में कहीं भी गंदगी नजर नहीं आयेगी। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी शामिल हुए। उन्होंने मेयर सुधा गुप्ता, डिप्टी मेयर राहुल कश्यप समेत पूरी टीम को बधाई दी। जमशेदपुर सिटीजन फोरम की ओर से तुलसी भवन में मानगो नगर निगम की मेयर, डिप्टी मेयर व वार्ड पार्षदों का अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर जमशेदपुर सिटीजन फोरम के अध्यक्ष ए के श्रीवास्तव ने मेयर सुधा गुप्ता, डिप्टी मेयर राहुल कश्य व सभी वार्ड पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि मानगो की जनता ने उन्हें जिस उम्मीद के साथ चुनाव में जिता कर जिम्मेदारी दी उन्हें उम्मीद है कि वे उसे पूरा करेंगे।
उन्होंने बेहतर मानगो के लिए कुछ सुझाव भी दिए. उन्होंने मेयर सुधा गुप्ता को पत्र सौंप कर यह बताया कि मानगो को और बेहतर बनाने के लिए यह कदम उठाया जाए. इस मौके पर मेयर सुधार गुप्ता ने ए के श्रीवास्तव के दिए गए सुझाव के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि मानगो के बेहतर के लिए जो भी होगा करेंगी. आने वाले दिनंों में मानगो ग्रीन व क्लीन मानगो दिखेगा. उन्होंने कहा कि मानगो में बड़ी समस्या पानी की है जिसे दूर करने के लिए उन्होंने 16 अप्रैल की बोर्ड की बैठक में कुछ प्रस्ताव पास किए है इसके तहत पानी टंकी हो, या फिर पादपलाइन बिछाने का काम, टैंकर से पानी की आपूर्ति का काम सभी पर काम शुरू हो गया है. उन्होंने कहा कि जब बन्ना गुप्ता मंत्री थे तो उन्होंने कई योजनाओं को शुरू कराया था लेकिन चुनाव हारने के बाद सभी योजनाएं ठप पड़ गई है. मागनो में 12 स्वास्थ्य केन्द्र खोलने की योजना है जिसमें लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर की जांच सभी तरह के डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे. स्वास्थ्य केन्द्र में ईएनटी के भी डॉक्टर रहेंगे. नाली व सीवरेज की व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा. बरसात से पहले बड़े नाले की सफाई करायी जाएगी जिसके लिए काम शुरू कर दिया गया। उन्होंने कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप चलता है लेकिन आज जो मानगो में फ्लाईओवर तैयार किया जा रहा वह उनके पति बन्ना गुप्ता की देन है. बालीगुमा में 50 एमवीए सब स्टेशन भी उनके कार्यकाल में तैयार किया गया था. कार्यक्रम का संचालन कैप्टन संजीव रमन ने व धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री अरविन्द कुमार ने किया।
मानगो में छ: महीने में दिखने लगेगा बदलाव: डिप्टी मेयर
मागनो नगर निगम के डिप्टी मेयर राहुल कश्यप ने कहा कि सभी वार्ड पार्षद मिल कर एक परिवार की तरह काम कर रहे हैं. नए चेहरे में इसे बेहतर बनाने का उत्साह है. आने वाले छ: महीने में मानगो में बड़ा बदलाव दिखने लगेगा. मेयर सुधा गुप्ता के साथ वे व सभी वार्ड पार्षद मिलकर काम करेंगे. आने वाले कुछ महीने में अंतर्राष्ट्रीय बस अड्डा भी शुरू हो जाएगा. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर के लिए एयरपोर्ट जरूरी है. धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को लेकर काम शुरू हो इसके लिए वे लोग प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि मानगो जल्द विकास की नई रफ्तार की ओर आगे बढ़ेगा. उन्होंने कहा कि मेयर सुधा गुप्ता के साथ पूरी टीम मिल कर काम कर रही।
पावरग्रिड को 50 से बढ़ाकर 150 एमवीए बनाएंगे: बन्ना गुप्ता
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि मेयर सुधा गुप्ता को अच्छी टीम मिली है. मागनो को बेहतर बनाने का मौका मिला है. उन्हें उम्मीद है कि सुधा गुप्ता, डिप्टी मेयर राहुल कश्यप व सभी वार्ड पार्षदों के साथ मिल कर सपनों का मागनो बनाएंगी. उन्होंने कहा कि फिलहाल मानगो मेें 70 से 75 मेगावाट की खपत है। उन्होंने जो सब स्टेशन बनवाया था वह 50 एमवीए का है जिसे अपग्रेड कर 150 एमवीए बनवाने का काम करेंगे।उन्होंने कहा कि मानगो में मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल है. वे वहां जाएं वहां जो कमियां मिले या जो सुझाव करें उन्हें दें। जो भी कमियां रहेंंगी उसे दूर कराने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व स्वास्थ्य मंत्री से भी बात करेंगे।
बेहतर मानगो के लिए विजन किया पेश
जमशेदपुर सिटीजन फोरम ऑगेनाइजिंग कमेटी के चेयरमैन विकास सिंह ने बेहतर मानगो के लिए अपना विजन पेश किया. उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता विकास पुरुष है. आज मानगो में फ्लाईओवर उनकी देन है. उन्होंने इस प्रस्ताव को लेकर मुख्यमंत्री से लेकर चपरासी तक फोलो किया. विकास सिंह ने कहा कि उन्होंने बन्ना गुप्ता को सुझाव दिया था कि डिमना रोड की ओर ज्यादा पुल लंबा करने के बदले पायल टॉकीज की ओर पुल बनाया जाए. जिस पर पूर्व मंत्री ने पहल कर काम शुरू कराया। उन्होंने नाले को बेहतर बनाए रखने, अतिक्रमण से बचाने, सडक़ की चौड़ीकरण को लेकर अपना विजन मेयर, डिप्टी मेयर व पार्षदों को दिया. उन्होंने कहा कि 13 एकड़ में 158 करोड़ की लागत से तैयार हो रहा अंतर्राज्यीय बस अड्डा भी बन्ना गुप्ता की देन है. उन्होंने ड्रेनेज की व्यवस्था, नदियों की गहराई कराने समेत कई सुझाव पेश किए।
