भारत की अंडर-19 टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली है। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में भारत ने श्रीलंका U19 को 211 रनों से मात दी। पहला मैच ड्रॉ रहने के बाद भारतीय टीम ने दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीरीज पर कब्जा जमाया।
मुकाबले की चौथी पारी में श्रीलंका U19 के सामने जीत के लिए 472 रनों का विशाल लक्ष्य था, लेकिन टीम 260 रनों पर ही सिमट गई। इससे पहले भारत ने पहली पारी में 411 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में 3 विकेट पर 208 रन बनाकर पारी घोषित की थी।
श्रीलंका की शुरुआत रही खराब
472 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका U19 टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज दिमंत महाविथाना बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि अवीश समश केवल 2 रन बना सके। इसके बाद विरन चमुदिता ने 31 रनों की पारी खेली।
38 रनों पर तीन विकेट गिरने के बाद सेनुजा वेकुनागोडा और विमथ दिनसारा ने पारी संभाली और 98 रनों की साझेदारी की। वेकुनागोडा ने 52 गेंदों पर 64 रन बनाए, जबकि कप्तान दिनसारा ने 129 गेंदों में 64 रनों का योगदान दिया। कविजा गामागे ने 36 रन बनाए और सेथमिका सेनेविरात्ने ने निचले क्रम में 42 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
भारत की ओर से लेग स्पिनर रोहित यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि चिगुरुपति वेंकटा ने 3 विकेट हासिल किए।
भारत के तीन बल्लेबाजों ने जड़े शतक
भारतीय अंडर-19 टीम की जीत में बल्लेबाजों का अहम योगदान रहा। दोनों पारियों को मिलाकर भारत की ओर से तीन शतक लगाए गए।
पहली पारी में मनल चौहान ने शानदार 150 रन बनाए, जबकि कुशाग्र ओझा ने 111 रनों की पारी खेली। दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज लक्ष्य राजेश रायचंदानी ने शतक लगाते हुए 100 रन बनाए।
इससे पहले भारत और श्रीलंका U19 टीमों के बीच खेली गई तीन मैचों की अनाधिकारिक वनडे सीरीज में श्रीलंका ने 2-1 से जीत दर्ज की थी।
