July 28, 2026
SPORTS

टाटा स्टील स्पोर्ट्स की ओर से आयोजित चार दिवसीय टाटा स्टील रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट 2026 का दूसरा संस्करण रविवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हो गया। प्रतियोगिता में ओडिशा, बिहार और झारखंड के विभिन्न शहरों से आए करीब 365 खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, लॉन टेनिस, स्क्वॉश और पिकलबॉल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में बैडमिंटन में 206, लॉन टेनिस में 72, स्क्वॉश में 13 और पिकलबॉल में 74 खिलाड़ियों ने भाग लिया। राउरकेला, मेरामंडली, पटना, रांची, जमशेदपुर, धनबाद, गिरिडीह, चाईबासा, सरायकेला और बोकारो स्टील सिटी सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों की भागीदारी रही। आईआईटी धनबाद के विद्यार्थियों की मौजूदगी ने आयोजन को क्षेत्रीय स्तर पर और अधिक व्यापक बनाया।

समापन समारोह में टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम, चीफ स्पोर्ट्स मुकुल विनायक चौधरी तथा हेड–स्पोर्ट्स एंड ट्रेनिंग सेंटर्स कैप्टन मनीष सिन्हा ने विजेताओं को सम्मानित किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर डी.बी. सुंदरा रामम ने कहा कि टाटा स्टील खेल संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि रैकेट्स स्पोर्ट्स फेस्ट जैसे आयोजन प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ कर्मचारियों और समुदाय के बीच खेलों के प्रति उत्साह और आपसी सौहार्द को भी मजबूत करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *