The Traitors Season 2: फिल्म निर्माता करण जौहर एक बार फिर चर्चित रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ के दूसरे सीजन के साथ वापसी कर रहे हैं। पहले सीजन की सफलता के बाद अब दर्शकों को भरोसे, धोखे और रणनीति से भरपूर इस शो का नया अध्याय देखने को मिलेगा। इस बार शो में 21 चर्चित सेलिब्रिटी हिस्सा लेंगे, जो ट्रॉफी और ग्रैंड प्राइज जीतने के लिए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देंगे।
Prime Video ने किया दूसरे सीजन का ऐलान
भारत के लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म Prime Video ने ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। यह शो 13 अगस्त से दुनियाभर में स्ट्रीम होगा। इस रियलिटी सीरीज का निर्माण धर्माटिक एंटरटेनमेंट ने किया है। दुनियाभर के 40 से अधिक देशों में इस फॉर्मेट के सफल अडैप्टेशन बन चुके हैं और भारत में पहले सीजन को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद मेकर्स दूसरा सीजन लेकर आ रहे हैं।
21 सेलिब्रिटी दिखाएंगे अपना गेम
इस सीजन में अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े 21 मशहूर सेलिब्रिटी प्रतियोगी के रूप में नजर आएंगे। मेकर्स का दावा है कि नया सीजन पहले से ज्यादा बड़ा, दमदार और ड्रामे से भरपूर होगा। शो में पहले की तरह साइकोलॉजिकल गेम, इमोशनल मोमेंट्स, सस्पेंस और कई चौंकाने वाले ट्विस्ट देखने को मिलेंगे। होस्ट की जिम्मेदारी एक बार फिर करण जौहर निभाएंगे।
पहला प्रोमो हुआ रिलीज
मेकर्स ने शो का पहला प्रोमो भी जारी कर दिया है, जिसमें करण जौहर नए सीजन की झलक दिखाते हुए प्रतियोगियों का परिचय देते नजर आते हैं। प्रोमो में बताया गया है कि पैलेस में एक बार फिर भरोसे और धोखे का खेल शुरू होगा, जहां दोस्ती से ज्यादा रणनीति मायने रखेगी।
इन सितारों की दिखी पहली झलक
रिलीज हुए प्रोमो में मल्लिका शेरावत और मुनव्वर फारुकी की झलक दिखाई गई है, जिससे साफ हो गया है कि दोनों इस सीजन का हिस्सा होंगे। इसके अलावा कुछ पुराने कंटेस्टेंट्स भी प्रोमो में नजर आए। वहीं, अपूर्वा मखीजा की भी झलक देखने को मिली, जो इन दिनों एक अन्य रियलिटी शो में भी चर्चा में हैं।
कब और कहां देखें शो?
‘द ट्रेटर्स सीजन 2′ की स्ट्रीमिंग 13 अगस्त से Prime Video पर शुरू होगी। इसके नए एपिसोड हर गुरुवार दर्शकों के लिए रिलीज किए जाएंगे।
