बिहार में शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने के आरोपी डॉ. मनीष पर ईओयू ने शिकंजा कसा और उसे आखिरकार अरेस्ट कर लिया। कैमूर में डॉक्टर के पद पर रह चुके मनीष कुमार का संजीव मुखिया के बेटे से कनेक्शन भी उजगर हुआ है। ईओयू की टीम अब उसकी कुंडली खंगाल रही है। दरअसल शिक्षक भर्ती के लिए बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित टीआरई -3 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में जहानाबाद जिले के नेहालपुर गांव निवासी डॉ. मनीष कुमार को सोमवार को गिरफ्तार किया गया था। 15 मार्च 2024 को निर्धारित टीआरई – 3 परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) द्वारा यह 296 वीं गिरफ्तारी की गई। मंगलवार को इओयू ने बताया कि प्रश्नपत्र लीक गिरोह के मुख्य आरोपी संजीव मुखिया के बेटे डॉ. शिव के साथ डॉ. मनीष की मित्रता थी और उसे प्रति कैंडिडेट 50 हजार रुपये दिए जाने की बात तय थी। ईओयू के अनुसार इस प्रश्नपत्र लीक करने वाले गिरोह द्वारा बीपीएससी टीआरई -3 परीक्षा में शिक्षक बहाली में पेपर आउट करवाकर अभ्यर्थियों को भर्ती कराने का षड्यंत्र किया गया था। योजना के अनुसार डॉ. मनीष को हरेक अभ्यर्थी की सेटिंग के लिए 50 हजार रुपये दिए जाने का वादा किया गया था। आरोपित डॉ. मनीष द्वारा परीक्षा के दो-तीन पहले 30 अभ्यर्थियों को पटना से वाहन रिजर्व कर हजारीबाग स्थित कोहिनूर होटल में पहुंचाया गया, जिससे सभी अभ्यर्थी परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र पढ़कर परीक्षा के सवालों को हल कर सकें। इसके बाद, डॉ. मनीष अपने सभी अभ्यर्थियों को हजारीबाग में छोड़कर पटना लौट गये थे।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक ईओयू प्रतियोगिता परीक्षाओं में गलत तरीके से प्रश्नपत्र लीक कराने वाले गिरोहों, इस कार्य से आर्थिक लाभ लेने वाले व्यक्तियों एवं समूहों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए संकल्पित है। इस कांड के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है। इसमें संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका का सत्यापन एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ईओयू की टीम प्रश्नपत्र लीक गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगा रही है।
ईओयू के अनुसार डॉ. मनीष कुमार ने 2021 में एनएमसीएच, पटना से एमबीबीएस परीक्षा उत्तीर्ण की है। कैमूर जिले में चिकित्सक के पद पर कार्यरत रह चुका है तथा वर्तमान में सरकारी सेवा से त्यागपत्र देकर स्नातकोत्तर (पीजी) की तैयारी कर रहा था। यह जहानाबाद के परसबीघा थाना के नेहालपुर गांव का निवासी शिवशंकर प्रसाद का पुत्र है।
