मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनके परिवार ने आयरलैंड में एक बेहद खास प्रॉपर्टी खरीदी है। अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने काउंटी वॉटरफोर्ड में स्थित करीब 200 साल पुराने स्ट्रैंकली कैसल को खरीद लिया है।तीन मंजिला यह भव्य महल गॉथिक रिवाइवल शैली में बना है और डबलिन से लगभग 150 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस महल का निर्माण 1827 में एक अंग्रेज राजनेता के लिए कराया गया था। बीते करीब 20 वर्षों में इसके पूर्व मालिकों ने इसकी बड़े पैमाने पर मरम्मत और नवीनीकरण कराया है।जुकरबर्ग और उनके परिवार ने यह प्रॉपर्टी एलेन-बकली परिवार से ऑफ-मार्केट डील के जरिए खरीदी है। सौदा सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध नहीं होने के कारण इसकी कीमत का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। पूर्व मालिकों में माइकल एलेन-बकली भी शामिल रहे हैं, जो लंदन की प्राइवेट इन्वेस्टमेंट फर्म आरएबी कैपिटल के सह-संस्थापक हैं।जुकरबर्ग के प्रतिनिधि ने बताया कि मार्क और उनका परिवार इस ऐतिहासिक घर की देखभाल जारी रखने को लेकर खुश हैं। परिवार आयरलैंड में समय बिताने के दौरान इस प्रॉपर्टी का इस्तेमाल करेगा।आयरलैंड मेटा के लिए भी महत्वपूर्ण बाजार है। कंपनी के करीब 1,500 कर्मचारी यहां काम करते हैं। डबलिन में मेटा का अंतरराष्ट्रीय मुख्यालय है, जबकि कॉर्क में वर्चुअल और ऑगमेंटेड रियलिटी से जुड़ा कारोबार संचालित होता है। इसके अलावा डबलिन के बाहर कंपनी का एक डेटा सेंटर भी है।हालांकि इस खरीद को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है, लेकिन स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में जुकरबर्ग द्वारा इस ऐतिहासिक महल को खरीदने की खबर चर्चा में है।
