August 22, 2026
BIHAR

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मेटल्स (आईआईएम), जमशेदपुर चैप्टर की ओर से कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए 14वें आईआईएम जमशेदपुर वार्षिक मेटलर्जी एंड मैटेरियल्स क्विज (IIM Jsr AM2Q-2026) का आयोजन 25 अगस्त को किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर दो बजे से बर्मामाइंस स्थित सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (CSIR-NML) के सभागार में होगा। क्विज का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में धातुकर्म और पदार्थ विज्ञान के प्रति रुचि एवं वैज्ञानिक जिज्ञासा बढ़ाना है। प्रतियोगिता में धातु, मिश्रधातु, आधुनिक पदार्थ, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की सामान्य जानकारी, अवधारणात्मक समझ और विश्लेषणात्मक क्षमता को परखा जाएगा।

कार्यक्रम का समन्वय CSIR-NML के वैज्ञानिक डॉ. मुदिला धनुंजय राव और डॉ. ललित कुमार मीणा करेंगे। आयोजन आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर के चेयरपर्सन एवं टाटा स्टील के चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (प्रोसेस) डॉ. अतनु रंजन पाल तथा सचिव एवं CSIR-NML के वैज्ञानिक डॉ. गोपी किशोर मंडल के मार्गदर्शन में होगा। आयोजकों ने जमशेदपुर एवं आसपास के स्कूलों से कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को बड़ी संख्या में प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की है। डॉ. अतनु रंजन पाल और डॉ. गोपी किशोर मंडल ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर धातु एवं पदार्थ विज्ञान की उपयोगिता को समझने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने बताया कि धातुकर्म एवं पदार्थ विज्ञान इस्पात और विनिर्माण, परिवहन, ऊर्जा, एयरोस्पेस, रक्षा, परमाणु तकनीक, बुनियादी ढांचे, इलेक्ट्रॉनिक्स और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों की आधारशिला हैं। आधुनिक तकनीक और औद्योगिक विकास में उन्नत पदार्थों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। आईआईएम जमशेदपुर चैप्टर का मानना है कि क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित होगी और वे धातुकर्म एवं पदार्थ विज्ञान को भविष्य में अध्ययन और करियर के एक आकर्षक क्षेत्र के रूप में देख सकेंगे। आयोजकों ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *