भागलपुर के नाथनगर के सीटीएस फोर्ट रोड नंबर-1 स्थित मोबाइल जोन-24 दुकान से दो महिलाएं डिब्बाबंद स्मार्टफोन लेकर निकल गईं। दोनों ब्लूटूथ इयरफोन खरीदने के बहाने दुकान में पहुंची थीं। घटना मंगलवार शाम करीब 7 बजे की है। दुकान मालिक शिव रंजन ने बताया कि घटना के समय वह और उनका भाई जरूरी काम से घर गए थे। दुकान में स्टाफ प्रिंस कुमार मौजूद था। करीब 22 और 45 वर्ष की दो महिलाएं बुर्का पहनकर दुकान पहुंचीं और ब्लूटूथ इयरफोन खरीदने की बात कही।
प्रिंस ने उन्हें अलग-अलग कंपनियों के इयरफोन दिखाए। महिलाओं ने उसे कई इयरफोन दिखाने के लिए कहकर उलझाए रखा। फिर उन्होंने नीचे रखे सामान की ओर इशारा कर उसे वहां से सामान निकालकर दिखाने को कहा।
प्रिंस के नीचे झुकते ही दोनों में से एक महिला ने डिब्बाबंद स्मार्टफोन उठाकर छिपा लिया। इसके बाद दोनों ने सामान पसंद नहीं आने की बात कही और बिना खरीदारी किए दुकान से निकल गईं। कुछ देर बाद शिव रंजन लौटे तो स्टॉक मिलाया गया। इसमें एक स्मार्टफोन कम मिला। पहले उन्हें लगा कि सामान कहीं इधर-उधर हो गया होगा। शक होने पर दुकान के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई।
फुटेज में बुर्का पहनी दोनों महिलाएं स्मार्टफोन लेकर उसे बुर्के में छिपाती और दुकान से बाहर निकलती दिखाई दीं।
