August 22, 2026
2

आतंक और हिंसा के लिए कभी सुर्खियों में रहने वाला पुलवामा अब क्रिकेट के जुनून से गूंज रहा है। यहां आयोजित डे-नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में हजारों की संख्या में दर्शकों की मौजूदगी घाटी में बदलते माहौल की तस्वीर पेश कर रही है। शुक्रवार को पुलवामा स्टेडियम में ‘रॉयल प्रीमियर लीग’ के मुकाबले में घाटी के खिलाड़ियों ने चौकों-छक्कों से दर्शकों का दिल जीत लिया।

मैच देखने के लिए 20 हजार से ज्यादा लोग स्टेडियम पहुंचे। वैली स्टार गांदरबल और एल नूर किंग्स पुलवामा के बीच हुए मुकाबले के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कुछ लोगों ने डिग्री कॉलेज की दीवार पर चढ़कर मैच देखा। रात करीब आठ बजे फ्लड लाइट्स जलते ही स्टेडियम तालियों, नारों और संगीत से गूंज उठा।

कहीं ढोल की थाप पर युवा झूमते दिखे तो कहीं डीजे की धुन पर जश्न मनाया गया। चौकों और छक्कों पर दर्शकों की जोरदार तालियां घाटी में क्रिकेट के प्रति बढ़ते जुनून और युवाओं की बदलती सोच को दिखा रही थीं।

जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल की ओर से आयोजित इस लीग में 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं। पिछले दो मुकाबले रात करीब दो बजे तक चले, लेकिन दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ। स्टेडियम में उमड़ी भीड़ ने प्रशासन और पुलिस को भी हैरान कर दिया।

आयोजक इरफान सरकार ने कहा कि उन्हें लीग के सफल आयोजन की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में भी लीग के पहले संस्करण का उल्लेख किया था। क्रिकेट प्रेमी मुदस्सर ने कहा कि युवाओं और परिवारों की भारी मौजूदगी बताती है कि घाटी के लोग अब शांति, खेल और विकास की राह को प्राथमिकता दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा अब किसी के बहकावे में आने वाले नहीं हैं और तालीम के साथ तरक्की चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *