September 25, 2026
image (3)

सारण के मशरक थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े स्कूल जा रही 14 वर्षीय छात्रा को चार पहिया वाहन से अगवा कर लिया गया। छात्रा के पड़ोसी युवक ने घटना देख साइकिल से वाहन का पीछा करते हुए उसके स्वजन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की सक्रियता से छात्रा को कुछ ही देर में सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान दो युवकों ने उसे जबरन चार पहिया वाहन में बैठा लिया। घटना को उसी रास्ते से जा रहे छात्रा के पड़ोसी युवक ने देख लिया। उसने तत्काल मोबाइल से छात्रा के घर सूचना दी और साइकिल से ही वाहन का पीछा शुरू कर दिया। वाहन मुख्य मार्ग पर चढ़कर तरैया की ओर जाने लगा। तब तक छात्रा के स्वजन भी मुख्य मार्ग पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद 112 की गश्ती टीम वाहन की तलाश में जुट गई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध वाहन मशरक रेलवे ढाला के पूरब कृष्णा होटल के पास रुका है। स्वजन के साथ पुलिस वहां पहुंची और होटल संचालक से पूछताछ की। पुलिस ने होटल के पास से दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पास के एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी की गई। वहां एक बड़े बक्से के अंदर बंद छात्रा को बरामद किया गया। पुलिस छात्रा और दोनों आरोपितों को थाना लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार, छात्रा ने बताया कि दोनों युवकों ने उसे जबरन वाहन में बैठाया और उसके साथ छेड़छाड़ की। इसके बाद उसे होटल ले जाया गया। पुलिस के पहुंचने की भनक लगने पर दोनों उसे बक्से में बंद कर वहां से चले गए।
छात्रा के दादा के बयान पर प्राथमिकी अंकित कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। छात्रा को न्यायालय में 164 के बयान के लिए भेजा गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपित मशरक बाजार के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *