सफाई मजदूरों के ईपीएफओ (कर्मचारी भविष्य निधि संगठन) की राशि जमा नहीं करने के गंभीर मामले में भागलपुर नगर निगम प्रशासन ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। रविवार को अवकाश के बावजूद नगर निगम सभागार में जिला कोषागार पदाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय जांच समिति ने दोनों सफाई एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ मैराथन बैठक की। बैठक में सीबीएस और साइन एंड स्टैंडर्ड एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जांच के दौरान साइन एजेंसी की ओर से प्रतिनिधि आरिफ ने समिति द्वारा मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध कराए और मजदूरों के ईपीएफ भुगतान को लेकर अपना लिखित पक्ष रखा। गौरतलब है कि नगर निगम की आंतरिक जांच में सीबीएस पर करीब 61 लाख रुपये और साइन एंड स्टैंडर्ड पर करीब 72 लाख रुपये की ईपीएफ राशि जमा नहीं करने का मामला उजागर हुआ था। इसके बाद निगम प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए दोनों एजेंसियों की संबंधित भुगतान राशि पर फिलहाल रोक लगा दी है। अब जिला स्तरीय समिति पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है, ताकि मजदूरों के बकाये का वास्तविक आकलन कर भुगतान की जवाबदेही तय की जा सके।
जिला स्तरीय जांच समिति सोमवार को भी अपनी बैठक जारी रखेगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में ईपीएफओ से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी भी शामिल होकर दस्तावेजों की जांच में सहयोग करेंगे। दोनों एजेंसियों के प्रतिनिधियों को भी फिर से अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया गया है। सीबीएस से नहीं मिला सहयोग
समिति का मुख्य उद्देश्य उपलब्ध दस्तावेजों और दोनों पक्षों के दावों का मिलान कर यह स्पष्ट करना है कि मजदूरों की वास्तविक कितनी राशि बकाया है और किस एजेंसी को कितना भुगतान करना है। हालांकि, समिति की लगातार बैठकों के बावजूद अब तक सीबीएस की तरफ से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया है। जहां साइन एजेंसी ने रविवार को लिखित पक्ष सौंप दिया, वहीं सीबीएस की ओर से अब तक लिखित सहमति नहीं दी गई है। बैठक के दौरान साइन एजेंसी के प्रतिनिधि आरिफ ने जांच समिति के समक्ष उल्टे नगर निगम पर विभिन्न मदों में अपनी कंपनी का करीब 2.40 करोड़ रुपये बकाया होने का दावा किया। उनका कहना है कि 19 माह की अवधि में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि के हिसाब से निगम पर प्रतिमाह लगभग 7.50 लाख रुपये बकाया बनता है।
