September 5, 2026
fgbhxfd

सिर में जुएं होने की समस्या को कई बार सामान्य मानकर लोग इसका समय पर इलाज नहीं कराते। खासकर बच्चों के मामले में जुओं को सिर्फ खुजली से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, लंबे समय तक सिर में जुएं रहने पर लगातार खुजली के अलावा स्कैल्प से जुड़ी दूसरी समस्याएं भी हो सकती हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसलिए जुओं की समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते इन्हें हटाना जरूरी है।

जुएं छोटे परजीवी कीड़े हैं, जो सिर की त्वचा पर रहकर खून चूसते हैं। इनका संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में सीधे सिर के संपर्क के जरिए फैल सकता है। कंघी, तौलिया या हेयर एक्सेसरीज जैसी व्यक्तिगत चीजों को साझा करने से भी जुएं फैल सकती हैं। बच्चों में इनके होने की संभावना ज्यादा रहती है, क्योंकि स्कूल और खेल के दौरान वे लगातार दूसरे बच्चों के संपर्क में रहते हैं।

सिर में जुएं होने पर सबसे पहले और सबसे आम समस्या खुजली की होती है। जूं के काटने और उसकी लार के प्रति शरीर की एलर्जी के कारण स्कैल्प में खुजली होती है। लगातार खुजली करने से कई बार स्कैल्प पर खरोंच और घाव भी बन सकते हैं।

अगर सिर को बार-बार खुजाया जाए तो स्कैल्प की त्वचा छिल सकती है। इससे बैक्टीरिया के प्रवेश की संभावना बढ़ जाती है और संक्रमण हो सकता है। इसके चलते सिर की त्वचा में सूजन, लालिमा, पस और घाव जैसी परेशानियां देखने को मिल सकती हैं। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर संक्रमण के लिए एंटीबायोटिक दवाएं भी दे सकते हैं।

बच्चों में जुओं की वजह से होने वाली लगातार खुजली उनकी नींद को प्रभावित कर सकती है। रात में ठीक से नींद न आने का असर उनकी पढ़ाई और एकाग्रता पर पड़ सकता है। इसके अलावा बच्चा चिड़चिड़ापन महसूस कर सकता है। कुछ बच्चे जुओं की समस्या के कारण दूसरों के सामने असहज भी महसूस करते हैं।

जुएं होने से आमतौर पर कोई गंभीर बीमारी नहीं होती, लेकिन यह समस्या पूरी तरह नजरअंदाज करने वाली भी नहीं है। लगातार खुजली, स्कैल्प इंफेक्शन और नींद में परेशानी जैसी दिक्कतों से बचने के लिए समय पर जुओं को हटाना जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *