September 4, 2026
zgrfgtr

हर महीने बिजली, पानी, गैस समेत कई तरह के बिल जमा करने पड़ते हैं। ऐसे में अलग-अलग सेवाओं के लिए अलग ऐप खोलकर पेमेंट करना कई बार काफी समय लेने वाला काम हो जाता है। अब WhatsApp इस प्रक्रिया को आसान बनाने की तैयारी में है। कंपनी ने भारत में बिल पेमेंट की सुविधा शुरू कर दी है, जिसके जरिए यूजर्स WhatsApp के अंदर ही कई तरह के यूटिलिटी बिल देख और उनका भुगतान कर सकेंगे।

WhatsApp की यह सुविधा फिलहाल चरणबद्ध तरीके से यूजर्स तक पहुंचाई जा रही है। कंपनी आने वाले समय में इसे Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगी। इसलिए संभव है कि कुछ यूजर्स को यह फीचर पहले मिले, जबकि बाकी यूजर्स को इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़े।

नई बिल पेमेंट सर्विस BBPS नेटवर्क पर काम करती है। इसके जरिए यूजर्स करीब 22,722 बिलर्स से जुड़ी सेवाओं का इस्तेमाल कर पाएंगे। ये बिलर्स 30 अलग-अलग कैटेगरी में मौजूद हैं। इनमें बिजली, पानी, गैस और इंश्योरेंस जैसे बिलों के अलावा क्रेडिट कार्ड पेमेंट, FASTag रिचार्ज और लोन की EMI जैसे विकल्प भी शामिल हैं।

भारत में WhatsApp का इस्तेमाल सिर्फ मैसेजिंग और कॉलिंग तक सीमित नहीं रह गया है। प्लेटफॉर्म पर पहले से मोबाइल रिचार्ज, मेट्रो ट्रांजिट टिकटिंग और ऑटोमेटेड चैटबॉट के जरिए सरकारी नागरिक सेवाओं जैसी सुविधाएं मौजूद हैं। अब बिल पेमेंट को जोड़कर WhatsApp ने अपनी डिजिटल पेमेंट और पब्लिक यूटिलिटी सर्विस को और विस्तार दिया है।

WhatsApp पर बिल भरने के लिए यूजर को सबसे पहले ऐप खोलना होगा और ऊपर नेविगेशन बार में दिखाई देने वाले ₹ आइकन पर जाना होगा। यहां से संबंधित बिल कैटेगरी और प्रोवाइडर का चुनाव करना होगा। इसके बाद कंज्यूमर नंबर या अकाउंट से जुड़ी जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। जानकारी कन्फर्म करने के बाद सिस्टम उपलब्ध बिल और बकाया राशि को ऑटोमैटिक तरीके से दिखाएगा। रकम और बिल की जानकारी चेक करने के बाद UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड के जरिए पेमेंट किया जा सकेगा। पेमेंट को ऑथराइज करते ही ट्रांजेक्शन पूरा हो जाएगा।

इस नई सुविधा का सबसे बड़ा फायदा उन यूजर्स को मिल सकता है, जो हर महीने अलग-अलग यूटिलिटी बिलों का भुगतान करते हैं। एक ही प्लेटफॉर्म पर बिल देखने और पेमेंट करने की सुविधा मिलने से पूरी प्रक्रिया पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *