September 4, 2026
image (1)

मुजफ्फरपुर में लापरवाही ने एक किशोर की जिंदगी छीन ली। ट्रेन के गेट पर खड़े होकर सफर कर रहे 17 वर्षीय संजीत कुमार की बुधवार शाम ट्रेन से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसा ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में संजय सिनेमा के पास रेलवे लाइन पर हुआ। ट्रैक बदलने के दौरान ट्रेन में अचानक झटका लगा, जिससे गेट पर खड़े संजीत का हाथ छूट गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गया। हादसे में उसका पैर कट गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के कशेर गांव निवासी संजय सिंह के पुत्र संजीत कुमार (17) के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और अभी अविवाहित था। परिजनों के अनुसार संजीत अपनी मौसी के यहां सीतामढ़ी जा रहा था। वह पहले भगवानपुर स्टेशन से सुबह पैसेंजर ट्रेन से निकला। इसके बाद मुजफ्फरपुर पहुंचकर आगे की ट्रेन से सीतामढ़ी जाने के लिए रवाना हुआ। इसी दौरान ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में संजय सिनेमा के पास हादसा हो गया।
बताया गया कि पुल के नीचे रेलवे ट्रैक में बदलाव वाले हिस्से से ट्रेन गुजर रही थी। इसी दौरान जोरदार झटका लगा और गेट पर खड़े संजीत का संतुलन बिगड़ गया। वह नीचे रेलवे ट्रैक पर जा गिरा। गिरने से उसका पैर कट गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने बताया कि संजीत के पास ट्रेन का टिकट भी था। वह सामान्य तरीके से यात्रा कर रहा था, लेकिन ट्रेन के गेट पर खड़े होकर सफर करना उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। एक झटके ने उसका संतुलन बिगाड़ दिया और देखते ही देखते परिवार का बड़ा बेटा उनसे हमेशा के लिए दूर हो गया।
हादसे की सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मृतक के पिता संजय सिंह और मौसा SKMCH पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद संजीत का शव परिजनों को सौंप दिया गया। शव लेकर परिजन कैमूर के लिए रवाना हो गए। परिवार में संजीत की मौत के बाद मातम पसरा है। तीन भाइयों में सबसे बड़े संजीत की अचानक मौत से पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *