
मौनी अमावस्या पर उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गई बिहार के चार जिलों की आठ महिलाओं की भी मौत की सूचना है। स्वजन का दावा है कि इनकी से हो गई। उनके अनुसार मृतकों में गोपालगंज की चार, औरंगाबाद की दो एवं पटना व मुजफ्फरपुर की एक-एक महिला शामिल हैं। इनके साथ गए लोगों के गुरुवार की सुबह तक शव के साथ अपने-अपने गांव पहुंचने की संभावना है। वहीं, गोपालगंज की दो महिलाएं घायल भी हुई हैं। मौत वहां मची भगदड़ में दबने मृतकों में गोपालगंज जिले के उचकागांव प्रखंड के बलेसरा गांव के दिवंगत बच्चा दुबे की पत्नी कांति देवी, भोरे प्रखंड के रामनगर गांव निवासी सुरेंद्र गोंड की पत्नी तारा देवी और भूटेली मांझी की पत्नी सरस्वती देवी एवं बरौली प्रखंड के माड़नपुर गांव निवासी तारकेश्वर सिंह की पत्नी शिवकली देवी शामिल हैं। वहीं, औरंगाबाद के हसपुरा थाना क्षेत्र के मनपुरा गांव निवासी स्व. अरुण शर्मा की 18 वर्षीया पुत्री सोनम कुमारी एवं गोह प्रखंड के बंदेया थाना के सोसूना गांव निवासी स्व. सुरेश यादव की 55 वर्षीया पत्नी राजरानी देवी की मौत की सूचना है।
वहीं, औरंगाबाद के मनपुरा गांव के पवन कुमार शर्मा ने बताया कि वे लोग सोनम व उसकी मां गुड्डी देवी के साथ स्नान करने गए थे। गुड्डी देवी पुत्री संग गंगा पार करके एक पड़ाव में चली गईं थीं। वे लोग इसी पार रह गए। बुधवार को 11 बजे गुड्डी देवी ने फोन करके बताया कि भगदड़ में पुत्री की मौत हो गई है, शासन उन्हें पोस्टमार्टम के लिए प्रयागराज सदर अस्पताल ले जा रहा है। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद है, वे लोग प्रयागराज में ही उनकी प्रतीक्षा कर रहे हैं। इधर, गोपालगंज के माड़नपुर गांव की शिवकली देवी के साथ प्रयागराज गई उनकी पुत्री ने स्वजन को मौत की सूचना दी है। जबकि, गोपालगंज की अन्य तीन महिलाओं की मौत की सूचना उनके ग्रामीणों ने स्वजन को दी।
वे लोग प्रयागराज प्रस्थान कर गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार मुजफ्फरपुर जिले के मुशहरी प्रखंड के छपरा मेघ के वार्ड नंबर-10 (छपरा रूपनाथ टोला) निवासी दिवंगत बलदेव शर्मा की पत्नी शिवा देवी (65) की भी मौत प्रयागराज हादसे में हो गई है। छपरा भोजपुर टोला के मनोज सिंह एवं उनकी पत्नी, छपरा गइसीपुर के पंकज शर्मा आदि के साथ शिवा देवी महाकुंभ में स्नान के लिए प्रयागराज गई थीं। शिवा देवी के रिश्तेदार चुन्नू ठाकुर ने बताया कि उनकी चाची की मौत की खबर मिली है। घर से लोग प्रयागराज के लिए निकल रहे हैं। शिवा देवी अन्य लोगों के साथ बस से 26 जनवरी को प्रयागराज के लिए निकली थीं। सरपंच जितेंद्र कुमार यादव ने भी शिवा की मौत की पुष्टि करते हुए गहरा शोक जताया है।