प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित एनडीटीवी वर्ल्ड समिट 2026 को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि पता नहीं कांग्रेस कब तक अपने ‘फेल प्रोडक्ट’ की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशों में जाकर भारत को बदनाम कर रहे हैं, जबकि दुनिया नई वैश्विक व्यवस्था की तलाश में है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया में नए वर्ल्ड ऑर्डर की चर्चा हो रही है, क्योंकि बदलती वैश्विक परिस्थितियों का असर आम लोगों के जीवन पर पड़ रहा है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि वैश्विक व्यवस्था में बदलाव क्यों हो रहा है और इसमें भारत की भूमिका क्या होगी।वैश्विक व्यवस्था में बदलाव की जरूरतमोदी ने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध ने दुनिया को सम्मान, सहयोग और विवादों के समाधान का महत्व समझाया था। इसी सोच के आधार पर संयुक्त राष्ट्र की नींव रखी गई। हालांकि, तकनीक और बदलती परिस्थितियों ने दुनिया को काफी बदल दिया है। आज कई ऐसे देश भी वैश्विक व्यवस्था का हिस्सा हैं, जो पहले इसमें शामिल नहीं थे। उन्होंने कहा कि जब दुनिया की समस्याएं बदल जाती हैं, लेकिन उनके समाधान का तरीका नहीं बदलता, तो दूरियां पैदा होने लगती हैं।समुद्री रास्तों पर बढ़ता तनावप्रधानमंत्री ने कहा कि आज व्यापार का इस्तेमाल दबाव बनाने के साधन के रूप में किया जा रहा है और समुद्री रास्ते भू-राजनीतिक तनाव के केंद्र बन रहे हैं। उन्होंने वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान वैश्विक सहयोग की जरूरत का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी उन्होंने दुनिया के लिए नई वैश्विक व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया था। उनके अनुसार, ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसके केंद्र में लोग हों और बदलती वैश्विक आवाजों को उचित स्थान मिले।
मोदी ने चाणक्य के मत्स्य न्याय के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यवस्था कमजोर पड़ने पर बड़ी मछली छोटी मछली को निगल जाती है।मजबूत भारत से दुनिया को मिलेगी ताकतप्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जितना मजबूत होगा, दुनिया भी उतनी ही मजबूत होगी। भारत दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में प्रयास कर रहा है। उन्होंने देश की ऊर्जा व्यवस्था और तकनीकी क्षमताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की पहचान बदल रही है। पहले दुनिया भारतीय मानव संसाधन पर भरोसा करती थी, लेकिन अब भारतीय बौद्धिक क्षमता पर भी विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के आधे से अधिक ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर भारत में हैं।कांग्रेस नेतृत्व पर फिर साधा निशानाकांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए मोदी ने कहा कि पार्टी बार-बार अपने नेता को लॉन्च करने में लगी रहती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक साल में श्रीहरिकोटा से जितनी लॉन्चिंग नहीं होती, उससे ज्यादा कांग्रेस के नेता की लॉन्चिंग होती है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज एक परिवार कांग्रेस पर बोझ बन चुका है।विकसित भारत का लक्ष्यप्रधानमंत्री ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि देश के सामने एक ही सपना है—नई ऊंचाइयों को छूना। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत दुनिया के सामने मजबूती से अपनी बात रखेगा और अपनी आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ेगा। (फोटो एनडीटीवी से साभार)
