डूरंड कप के क्वार्टर फाइनल में सोमवार को जमशेदपुर एफसी का सामना मजबूत मोहन बागान सुपर जायंट से होगा। मुकाबला कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा। दोनों टीमों की नजर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होगी। जमशेदपुर एफसी ने ग्रुप-सी में छह अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है। टीम ने डिफेंडर्स एफसी और इंडियन एयरफोर्स फुटबॉल टीम को हराया। अंतिम ग्रुप मुकाबले में एयरफोर्स को 6-0 से हराकर टीम ने शानदार लय हासिल की। ग्रुप चरण में जमशेदपुर ने कुल 13 गोल किए। टीम के अभियान की सबसे खास बात युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन रहा। 17 वर्षीय अकादमी खिलाड़ी लॉमसंगजुआला ने एयरफोर्स के खिलाफ हैट्रिक लगाई, जबकि रयान सी. ने भी गोल किया। वहीं, रेनीयेर फर्नांडिस ने डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ हैट्रिक समेत टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
दूसरी ओर, मोहन बागान ने ग्रुप-ए के अपने तीनों मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है। खास बात यह है कि टीम ने ग्रुप चरण में एक भी गोल नहीं खाया। सुब्हासिश बोस, मेहताब सिंह और अल्बर्टो रोड्रिगेज जैसे अनुभवी डिफेंडरों के साथ गोलकीपर विशाल कैथ की मौजूदगी टीम की रक्षापंक्ति को मजबूत बनाती है। मोहन बागान के आक्रमण में मनवीर सिंह और सहल अब्दुल समद ने चार-चार गोल किए हैं। अनिरुद्ध थापा, लिस्टन कोलासो और देजान द्राजिच भी टीम के आक्रमण को धार देते हैं। जमशेदपुर एफसी के सामने मोहन बागान की मजबूत रक्षापंक्ति को भेदने के साथ उसके आक्रामक खिलाड़ियों को रोकने की चुनौती होगी। प्रणय हलदर, निखिल बरला और प्रतीक चौधरी जैसे अनुभवी खिलाड़ियों पर रक्षापंक्ति की जिम्मेदारी होगी। वहीं अमन सीके की तेजी और रचनात्मकता तथा लॉमसंगजुआला की मौजूदा फॉर्म टीम के लिए अहम साबित हो सकती है।
मुख्य कोच कैजाद अंबापारदिवाला के लिए भी यह मुकाबला बड़ी परीक्षा होगा। उन्होंने टूर्नामेंट में युवा अकादमी खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ प्रभावी ढंग से उतारा है। अब युवा खिलाड़ियों के पास भारतीय फुटबॉल की मजबूत टीमों में से एक के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका है। मोहन बागान भले ही आंकड़ों में मजबूत नजर आ रहा हो, लेकिन जमशेदपुर एफसी ने ग्रुप चरण में अपनी आक्रामक क्षमता साबित की है। ऐसे में टीम की नजर शानदार प्रदर्शन के साथ सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होगी।
