झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 के तहत भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। आर्मरी ग्राउंड, जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और नवल टाटा हॉकी अकादमी में आयोजित प्रतियोगिता में 500 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें गुलेल, मटका दौड़, गेड़ी दौड़, भारा दौड़, तीरंदाजी, वॉलीबॉल, हॉकी और फुटबॉल की स्पर्धाएं हुईं।
विभिन्न स्पर्धाओं में विजेताओं में भारा दौड़ में निखिल विनोद व बबीता बिरूली, मटका दौड़ में शिवचरण मांझी व संगीता मुर्मू, गेड़ी दौड़ में विनीत कुदादा, गुलेल में चरणजीत मुर्मू व बबीता बिरूली तथा तीरंदाजी में प्रीतम माहली व कृतिका प्रमाणिक शामिल रहे। वॉलीबॉल में बालक वर्ग में बजरंग स्पोर्ट्स और बालिका वर्ग में संको साईं विजेता बने। हॉकी के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में बिरसा स्टार ने खिताब जीता।
फुटबॉल के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले 21 नवंबर को होंगे। विभिन्न स्पर्धाओं के प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त खिलाड़ी 23 नवंबर को होने वाली प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय खेल संस्कृति को बढ़ावा देना और ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है।
