अमेरिका के इंडियाना में लगातार हो रही तूफानी बारिश और बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। 11 अगस्त से जारी खराब मौसम के कारण कम से कम छह लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें चार साल का एक बच्चा भी शामिल है।
भारी बारिश के चलते कई नदियों का जलस्तर रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इंडियानापोलिस से गुजरने वाली व्हाइट रिवर का पानी भी खतरनाक स्तर तक पहुंचा, जबकि एंडरसन और नोबल्सविल में नदी का जलस्तर 24 फीट से ऊपर चला गया और 1913 में दर्ज रिकॉर्ड को पार कर गया।
बाढ़ से कई इलाकों में सड़कें और पुल प्रभावित हुए हैं और राहत एवं बचाव दलों को नावों की मदद से लोगों को सुरक्षित निकालना पड़ा। वहीं, बिजली व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। रविवार दोपहर तक राज्य में करीब 1.30 लाख बिजली उपभोक्ता बिना बिजली के थे।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इंडियाना के लिए संघीय आपदा सहायता को मंजूरी दे दी है। इससे स्थानीय प्रशासन को राहत और रिकवरी के काम में मदद मिलेगी।
