पटना के बख्तियारपुर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान 7 बच्चियां डूब गईं। इनमें से 3 को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, जबकि 4 बच्चियां गंगा की तेज धार में बह गईं। लापता बच्चियाें में अवधेश चंद्रवंशी की पुत्री आरती (21) और नंदनी (16 वर्ष), कमलेश चंद्रवंशी की पुत्री राधिका (15 वर्ष) एवं मंटू चंद्रवंशी की पुत्री बबली (6 वर्ष) शामिल हैं।
एसडीआरएफ की टीम नदी में तलाशी अभियान चला रही है। दो का शव बरामद कर लिया गया है। घटना से कोहराम मच गया है। घाट पर स्वजनों की चित्कार से माहौल गमगीन हो गया है।
घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। हर दिन की तरह गांव की लड़कियां रानीसराय गंगा घाट पर स्नान करने पहुंची थीं। इस क्रम में एक बच्ची डूबने लगी तो उसे बचाने का प्रयास दूसरी लड़कियों ने किया। एक-दूसरे को बचाने के क्रम में 7 बच्चे-बच्चियां डूबने लगे। यह देखकर स्थानीय लोगों ने नदी में छलांग लगाई और तीन को बाहर निकाला, लेकिन चार बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। इनमें मंटू चंद्रवंशी की बच्ची समेत तीन बचाए गए। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन घाट पर पहुंचे। पुलिस भी सूचना मिलते ही पहुंची। लोगों ने एसडीआरएफ को बुलाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। हालांकि प्रशासन की तत्परता से एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान करीब 20 मिनट तक सड़क जाम रहा। नदी में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सभी बच्चियां आपस में चचेरी बहन हैं।
