डूरंड कप में अपने अभियान को आगे बढ़ाने के लिए जमशेदपुर एफसी गुरुवार को बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, रांची में भारतीय वायुसेना फुटबॉल टीम के खिलाफ ग्रुप-सी के अंतिम मुकाबले में उतरेगा। मैच में जमशेदपुर एफसी के लिए मजबूत परिणाम हासिल करना बेहद जरूरी है, क्योंकि इसी से टीम की क्वालीफिकेशन की उम्मीदें कायम रहेंगी। जमशेदपुर एफसी ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में करते हुए श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से हराया था। हालांकि, दूसरे मुकाबले में टीम को स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के हाथों 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं भारतीय वायुसेना की टीम ने डिफेंडर्स एफसी को 2-1 से हराकर अभियान शुरू किया, लेकिन दूसरे मैच में स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली से उसे 1-7 की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
जीत के लिए रणनीति पर जोर महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले जमशेदपुर एफसी के मुख्य कोच कैजाद अंबापरडिवाला ने टीम के प्रशिक्षण सत्र में आक्रमण को धार देने, रक्षापंक्ति को मजबूत करने और गोल के मौकों को भुनाने पर विशेष जोर दिया। कोच कैजाद ने कहा कि टीम इस मुकाबले की अहमियत को अच्छी तरह समझती है। खिलाड़ियों ने प्रशिक्षण में कड़ी मेहनत की है और पिछले मैच की गलतियों का विश्लेषण कर उन क्षेत्रों पर काम किया गया है, जहां सुधार की जरूरत है। अब पूरी तैयारी को मैदान पर प्रदर्शन में बदलने का समय है। युवा खिलाड़ियों को मिला मौका डूरंड कप जमशेदपुर एफसी के युवा खिलाड़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण साबित हो रहा है। लॉमसांगजुआला, शागोलसेम राशिथोई मीतेई और एल्विन ईशान ख्यारिएम ने डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ मुकाबले में सीनियर टीम के लिए पदार्पण किया था। इसके अलावा कई अन्य युवा खिलाड़ी भी टीम के मैचडे स्क्वाड का हिस्सा रहे हैं।
टीम को अनुभवी खिलाड़ियों प्रणय हलधर, प्रतीक चौधरी, एल्बिनो गोम्स और सौरव दास से भी काफी उम्मीदें हैं। वहीं मोहम्मद सनान ने शुरुआती दो मुकाबलों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। उन्होंने डिफेंडर्स एफसी के खिलाफ 5-0 की जीत में दो गोल में सहायता की थी, जबकि स्पोर्टिंग क्लब दिल्ली के खिलाफ जमशेदपुर एफसी का एकमात्र गोल सनान ने ही किया। ग्रुप-सी के अंतिम मुकाबले में जमशेदपुर एफसी घरेलू राज्य के दर्शकों के समर्थन का लाभ उठाते हुए जीत दर्ज कर डूरंड कप में अपने सफर को आगे बढ़ाने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
