साकची हाई स्कूल परिसर में शुक्रवार को पूर्ववर्ती छात्र शुभोदीप मंडल की स्मृति में एक दिवसीय अंतर विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग की इस प्रतियोगिता में 24 टीमों ने हिस्सा लिया। दोनों वर्गों में 12-12 टीमों के बीच नॉकआउट आधार पर मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय, पोटका की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया। संत रॉबर्ट स्कूल, परसुडीह की टीम उपविजेता रही, जबकि टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, सिदगोड़ा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, बालिका वर्ग में श्री कृष्णा पब्लिक स्कूल, बागबेड़ा की टीम विजेता बनी। सरदार वल्लभभाई पटेल स्मारक उच्च विद्यालय, छोटा गोविंदपुर की टीम उपविजेता और मध्य विद्यालय, गदड़ा की टीम तीसरे स्थान पर रही।
खेल अधिकारियों और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्वी सिंहभूम की जिला खेल पदाधिकारी एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रूपा रानी तिर्की, विशिष्ट अतिथि पूर्ववर्ती छात्र एवं अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर विश्वनाथ दास, पूर्व ईस्ट बंगाल खिलाड़ी एवं फुटबॉल कोच प्रशांत बनर्जी, विकास मुखर्जी, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सचिव देवदास विश्वास, प्रधानाध्यापक प्रणव कुमार घोष तथा आयोजन समिति की संयोजिका पूर्वी घोष ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर रूपा रानी तिर्की ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए विद्यालय प्रबंधन, पूर्ववर्ती छात्रों एवं पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन की सराहना की। उन्होंने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यालय के सचिव देवदास विश्वास ने भी आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों को बेहतर खेल अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उपस्थित अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
समापन समारोह में प्रशांत बनर्जी, विश्वजीत दास, देवदास विश्वास, तापोशी बोस, पूर्वी घोष एवं प्रधानाध्यापक प्रणव कुमार घोष ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता के तकनीकी संचालन की जिम्मेदारी पूर्वी सिंहभूम खो-खो एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष डॉ. श्याम कुमार शर्मा ने संभाली। एसोसिएशन के आठ तकनीकी अधिकारियों ने प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग किया। आयोजन में रेड क्रॉस सोसाइटी, जमशेदपुर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। धन्यवाद ज्ञापन पूर्ववर्ती छात्र समिति के संयोजक सुवेंदु विश्वास ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिप्रा भट्टाचार्य, तापोसी घोष, पूर्वी घोष, शिवानी, जोबा घोषाल, मीता बोस, जयंतो दत्ता, प्रणव सरकार, आयुष मंडल, अनिंदो विश्वास, बिशन सरकार, अरुण मुकूटी, देवाशीष प्रामाणिक, मुक्ति सरकार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं की अहम भूमिका निभायी।
