November 21, 2026
T2

ट्रेन से सफर करते समय यह आम बात हो गई है कि बगल की सीट पर बैठा कोई यात्री बिना ईयरफोन के ही तेज आवाज में रील्स देखता रहता है या जोर-जोर से फोन पर बतियाता रहता है. इस वजह से आसपास के यात्रियों की नींद और सुकून दोनों खराब हो जाते हैं. अब रेलवे ने इस समस्या पर लगाम लगाने के लिए सख्त रुख अपना लिया है. पूर्व रेलवे ने साफ कर दिया है कि ट्रेन और स्टेशन परिसर में मोबाइल के कारण शोर मचाना अब सीधा आपको सलाखों के पीछे पहुंचा सकता है. कोलकाता मुख्यालय वाले पूर्व रेलवे ने अपने सभी चार मंडलों को इस बारे में कड़े निर्देश जारी किए हैं. रेलवे बोर्ड की एक एडवाइजरी के अनुसार जारी इस आदेश में कहा गया है कि स्टेशन और ट्रेन के भीतर मोबाइल फोन का जिम्मेदारी से इस्तेमाल तय किया जाए. एक आधिकारिक बयान में पूर्व रेलवे के अधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्पीकर मोड पर गाना बजाना, वीडियो चलाना या फोन पर काफी देर तक तेज आवाज में बात करना न्यूसेंस की श्रेणी में आता है. ऐसा करने वाले यात्रियों के खिलाफ अब सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. अगर सफर के दौरान कोई यात्री दूसरों की शांति भंग करते हुए पकड़ा जाता है, तो रेलवे सुरक्षा बल या टिकट चेकिंग स्टाफ उसके विरुद्ध कार्रवाई कर सकता है. पूर्व रेलवे के अनुसार, इस तरह की हरकतों पर रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 145 के तहत मामला दर्ज हो सकता है. इस कानून के तहत दोषी पाए जाने पर यात्री को 1,000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है. इसके अलावा, 6 महीने तक की जेल की सजा का भी प्रावधान है, या फिर जुर्माना और जेल दोनों सजाएं एक साथ दी जा सकती हैं. भारतीय रेल में प्रतिदिन करोड़ों लोग सफर करते हैं. रात के वक्त या लंबी दूरी की ट्रेनों में शोर शराबे को लेकर यात्रियों की तरफ से लगातार शिकायतें आ रही थीं. खासकर रील्स और वीडियो कॉल के बढ़ते चलन ने सहयात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है. इसी को देखते हुए रेलवे ने अब जुर्माने और सजा के नियमों को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है, ताकि हर यात्री बिना किसी मानसिक तनाव के अपनी यात्रा पूरी कर सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *