October 10, 2026
image (3)

सुपौल के प्रतापगंज स्थित पब्लिक उच्च विद्यालय परिसर के कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास टाइप-4 में शुक्रवार को दोपहर के भोजन के दौरान सब्जी में छिपकली जैसी चीज मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। भोजन कर रही छात्राओं के बीच खबर फैलते ही अफरातफरी की स्थिति बन गई। इसके बाद कई छात्राओं ने जी मिचलाने, उल्टी, चक्कर और सिरदर्द की शिकायत की।
स्कूल प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्रतापगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। कढ़ी में छिपकली जैसी चीज देखने का दावा
बताया गया कि छात्रावास में भोजन के दौरान गंगा कुमारी ने कढ़ी में छिपकली जैसी चीज देखी। उस समय तक वह कुछ भोजन कर चुकी थी। इसकी जानकारी अन्य छात्राओं को मिलते ही वे घबरा गईं।
कुछ छात्राओं ने उल्टी, जी मिचलाने और सिरदर्द की शिकायत की। हालांकि, भोजन में वास्तव में छिपकली मिलने की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन छात्राओं को लेकर सीएचसी पहुंचा। चिकित्सक डॉ. अहमदुल्ला ने बताया कि करीब 10 छात्राओं को अस्पताल लाया गया था।
कुछ ने उल्टी और सिरदर्द की शिकायत की, जबकि कई छात्राएं घबराहट के कारण असहज थीं। जरूरत के अनुसार छात्राओं को स्लाइन, इंजेक्शन और दवाएं दी गईं। सीएचसी में उपचार के बाद चिकित्सकों ने छात्राओं की स्थिति सामान्य बताई। डॉ. अहमदुल्ला के अनुसार, कुछ छात्राओं में उल्टी और सिरदर्द की शिकायत थी, जबकि कई छात्राएं घटना की जानकारी मिलने के बाद घबरा गई थीं।
सभी छात्राओं की जांच कर आवश्यक उपचार किया गया। फिलहाल किसी छात्रा की गंभीर स्थिति की जानकारी नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर बीडीओ अमरेश कुमार मिश्रा, सीओ विकास, थानाध्यक्ष रौशन कुमार, बीईओ सितेश झा और डीपीआरओ शिल्पा कुमारी अस्पताल पहुंचे।
बाद में एसडीएम विनय कुमार और एसडीपीओ पवन कुमार ने भी पहुंचकर छात्राओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली। अधिकारियों ने चिकित्सकों से उपचार और छात्राओं की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्रतापगंज के पब्लिक उच्च विद्यालय परिसर में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास टाइप-4 में कक्षा 9 से 12 तक की छात्राएं रहती हैं।
ऐसे में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर घटना ने सवाल खड़े कर दिए हैं। भोजन में छिपकली जैसी चीज मिलने की सूचना के बाद छात्राओं की सुरक्षा और रसोई की व्यवस्था की जांच जरूरी हो गई है। एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि अस्पताल में छह से सात छात्राओं के पहुंचने की जानकारी मिली है। चिकित्सकों के अनुसार, एक छात्रा के भोजन में छिपकली जैसी चीज देखने की बात सामने आने के बाद अन्य छात्राएं घबरा गई थीं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में हाल ही में साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए गए थे। अब भोजन में छिपकली मिलने की सूचना और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की जांच की जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *