July 31, 2026
tata steel

वैश्विक बाजार में अनिश्चितताओं और पश्चिम एशिया के तनाव के बीच टाटा स्टील ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन किया है। कंपनी का समेकित शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 19 प्रतिशत बढ़कर ₹2,385 करोड़ हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में ₹2,007 करोड़ था। वहीं, समेकित EBITDA 25 प्रतिशत बढ़कर ₹9,370 करोड़ पर पहुंच गया। कंपनी की पहली तिमाही में समेकित आय ₹60,794 करोड़ रही। भारतीय कारोबार ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए ₹36,989 करोड़ का राजस्व और ₹9,908 करोड़ का EBITDA दर्ज किया। भारत में EBITDA मार्जिन 27 प्रतिशत रहा, जबकि प्रति टन EBITDA बढ़कर ₹19,162 हो गया, जो पिछली तिमाही की तुलना में ₹3,255 अधिक है।

टाटा स्टील ने बताया कि मेरामंडली और कलिंगानगर संयंत्रों में रखरखाव कार्य के कारण उत्पादन और डिलीवरी पर असर पड़ा। इस दौरान भारत में कच्चे इस्पात का उत्पादन 57.6 लाख टन और डिलीवरी 51.7 लाख टन रही। कंपनी को उम्मीद है कि आगामी तिमाहियों में उत्पादन सामान्य स्तर पर लौट आएगा। इस तिमाही की सबसे बड़ी घोषणा नीलाचल इस्पात निगम लिमिटेड (NINL) के विस्तार को लेकर रही। निदेशक मंडल ने NINL में 4.8 मिलियन टन प्रतिवर्ष अतिरिक्त स्टील उत्पादन क्षमता विकसित करने की कोर परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना पर ₹33,873 करोड़ का पूंजीगत निवेश किया जाएगा। विस्तार के बाद NINL की कुल उत्पादन क्षमता बढ़कर 6.2 मिलियन टन प्रतिवर्ष हो जाएगी, जिससे लंबे स्टील उत्पादों के कारोबार को मजबूती मिलने की उम्मीद है। तिमाही के दौरान कंपनी ने ₹3,579 करोड़ का पूंजीगत व्यय किया। लुधियाना में 0.75 एमटीपीए इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (EAF), हॉट रोल्ड पिकलिंग एवं गैल्वेनाइजिंग लाइन तथा टिनप्लेट क्षमता विस्तार परियोजनाओं पर भी तेजी से काम जारी है।

कंपनी का शुद्ध कर्ज ₹84,173 करोड़ रहा, जबकि समूह के पास ₹45,950 करोड़ की नकदी एवं तरलता उपलब्ध है। टाटा स्टील के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक टी. वी. नरेंद्रन ने कहा कि चुनौतीपूर्ण वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारतीय कारोबार कंपनी की मजबूती का प्रमुख आधार बना हुआ है। ऑटोमोटिव एवं स्पेशल प्रोडक्ट्स कारोबार ने पहली तिमाही का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, जबकि टाटा टिस्कॉन और टाटा स्टीलियम ब्रांड की बिक्री में 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म ‘आशियाना’ और ‘DigECA’ के माध्यम से भी कारोबार में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *