June 8, 2026
JAMSEDHPUR

टाटा स्टील अब अपने कंपनी कमांड एरिया तक ही सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी बुनियादी नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी की योजना मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के निवासियों को भी बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।
यह जानकारी टाटा स्टील के कॉरपोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदर रामम ने रविवार शाम बेल्डीह क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान दी। उन्होंने कहा कि कंपनी बिजली, पेयजल, स्वच्छता और साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं के दायरे को विस्तारित करने की संभावनाओं पर काम कर रही है, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को इसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि टाटा स्टील लंबे समय से जमशेदपुर को एक मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने के लिए कार्य करती रही है। शहर में बेहतर आधारभूत संरचना, स्वच्छ वातावरण और नागरिक सुविधाओं के विकास में कंपनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। अब कंपनी की सोच पूरे शहर के लोगों की जीवन गुणवत्ता (क्वालिटी ऑफ लाइफ) को बेहतर बनाने की है।
डीबी सुंदर रामम ने कहा कि भविष्य में भी टाटा स्टील नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शहरी विकास से जुड़े प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए गंभीरता से कार्य करती रहेगी। कंपनी का लक्ष्य केवल अपने अधिसूचित क्षेत्र तक सीमित न रहकर व्यापक स्तर पर शहर के विकास में योगदान देना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विभिन्न स्थानीय निकायों और प्रशासन के सहयोग से जमशेदपुर के अधिक से अधिक क्षेत्रों में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी, जिससे शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *