मंगलवार को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए दोनों सेमीफाइनल में अलग-अलग अंदाज में जीत दर्ज कर दोनों टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।
टाटा मोटर्स ने आदिवासी ग्रीन को 3-1 से हराया
सुबह खेले गए पहले सेमीफाइनल में टाटा मोटर्स ने आदिवासी ग्रीन स्पोर्टिंग क्लब को 3-1 से पराजित किया। मुकाबला शुरुआती दौर में बराबरी का रहा, लेकिन दूसरे हाफ में टाटा मोटर्स ने आक्रामक खेल दिखाया। रोहित तिग्गा ने 49वें और 88वें मिनट में दो गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। साधु मरांडी ने 68वें मिनट में तीसरा गोल किया।आदिवासी ग्रीन स्पोर्टिंग क्लब की ओर से अजय हो ने 78वें मिनट में गोल कर अंतर कम किया, लेकिन टाटा मोटर्स ने इसके बाद कोई और मौका नहीं दिया और 3-1 की जीत के साथ फाइनल का टिकट पक्का किया। मैच में आदिवासी ग्रीन के रितेश बोदरा (48वें मिनट) और सुनील हांसदा (51वें मिनट) को पीला कार्ड मिला। टाटा मोटर्स के किसी खिलाड़ी को कार्ड नहीं मिला।
स्पोर्टिंग क्लब ने जेएफसी रिजर्व को 1-0 से रोका
दोपहर में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में स्पोर्टिंग क्लब जमशेदपुर ने जमशेदपुर एफसी रिजर्व को कड़े मुकाबले में 1-0 से शिकस्त दी। मैच का एकमात्र गोल जामरान हांसदा ने 23वें मिनट में किया। शुरुआती बढ़त के बाद स्पोर्टिंग क्लब ने अपनी रक्षापंक्ति को मजबूत रखा। जेएफसी रिजर्व ने बराबरी के लिए लगातार दबाव बनाया, लेकिन स्पोर्टिंग क्लब के डिफेंस ने अंतिम सीटी तक बढ़त कायम रखी। मुकाबले में कुल पांच पीले कार्ड दिखाए गए। जेएफसी रिजर्व के शागोलसेम राशिथोई मीतेई (14), एल्विन ईशान खिरिएम (40) और देवजीत मजूमदार (90+6) को, जबकि स्पोर्टिंग क्लब के चुंका सोरेन (88) और नागेंद्र महतो (90+1) को चेतावनी दी गई। किसी खिलाड़ी को मैदान से बाहर नहीं किया गया।
18 सितंबर को होगा फाइनल
जेएसए प्रीमियर डिवीजन फुटबॉल लीग-2026 का फाइनल 18 सितंबर को शाम पांच बजे जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में टाटा मोटर्स और स्पोर्टिंग क्लब जमशेदपुर आमने-सामने होंगे।
