Realme अगले हफ्ते भारतीय बाजार में अपना नया Realme 16x 5G लॉन्च करने जा रही है। लॉन्च से पहले कंपनी ने फोन का पहला आधिकारिक टीजर जारी कर दिया है, जिसमें इसके डिजाइन, कलर ऑप्शन और कई प्रमुख फीचर्स का खुलासा हुआ है। यह स्मार्टफोन 12 अगस्त को दोपहर 12 बजे लॉन्च होगा और इसकी बिक्री Flipkart के जरिए की जाएगी।
कंपनी के मुताबिक, Realme 16x 5G को Endurance Brown और Glory White रंगों में पेश किया जाएगा। फोन के रियर पैनल पर वर्टिकल कैमरा मॉड्यूल मिलेगा, जबकि इसकी सबसे बड़ी खासियत 7,000mAh की बड़ी बैटरी होगी। बैटरी के साथ 45W फास्ट चार्जिंग, बायपास चार्जिंग और रिवर्स चार्जिंग जैसे फीचर्स भी दिए जाएंगे।
Realme का दावा है कि एक बार फुल चार्ज होने पर यह स्मार्टफोन 156.2 घंटे तक म्यूजिक प्लेबैक और करीब 9 घंटे तक गेमिंग का बैकअप देने में सक्षम होगा। परफॉर्मेंस के लिए इसमें MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया जाएगा। फोन में 14GB तक रैम (डायनेमिक रैम सहित) और 256GB तक इंटरनल स्टोरेज का सपोर्ट मिलेगा। साथ ही कंपनी का इन-हाउस Flux Engine भी दिया जाएगा, जो डिवाइस की परफॉर्मेंस को बेहतर बनाने में मदद करेगा।
डिस्प्ले की बात करें तो Realme 16x 5G में 144Hz रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन मिलेगी। लंबे समय तक गेमिंग के दौरान फोन को ठंडा रखने के लिए इसमें 5,300 वर्ग मिमी का वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम दिया गया है। वहीं बेहतर गेमिंग अनुभव के लिए कंपनी का GT Boost गेमिंग ऑप्टिमाइजेशन इंजन भी शामिल किया गया है।
फोन को IP65 रेटिंग के साथ पेश किया जाएगा, जिससे यह धूल और पानी की हल्की फुहारों से सुरक्षित रहेगा। इसके अलावा इसमें MIL-STD-810 मिलिट्री-ग्रेड शॉक रेजिस्टेंस भी मिलेगा, जो हल्के झटकों और गिरने की स्थिति में अतिरिक्त सुरक्षा प्रदान करेगा।
फोटोग्राफी के लिए Realme 16x 5G में AI सपोर्ट वाला 50 मेगापिक्सल का रियर कैमरा मिलेगा। इसके साथ AI Eraser, AI Ultra Clarity, Motion Photo और Dual-View Video Mode जैसे कई स्मार्ट AI फीचर्स भी दिए जाएंगे, जो फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग के अनुभव को बेहतर बनाएंगे।
