भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में बजाज और टीवीएस दोनों कंपनियों की बाइकों को काफी पसंद किया जाता है। खासकर रोजाना ऑफिस, कॉलेज या दूसरे कामों के लिए बाइक इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के बीच कम कीमत वाली कम्यूटर मोटरसाइकिलों की मांग रहती है। Bajaj Platina और TVS Sport इसी सेगमेंट की दो प्रमुख बाइक्स हैं। अगर आपका बजट सीमित है और आप डेली यूज के लिए बाइक खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो दोनों मॉडल के इंजन, फीचर्स, सेफ्टी और कीमत पर नजर डालना जरूरी है।
Bajaj Platina में 99.59cc का 4-स्ट्रोक, DTS-i सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 7,500 rpm पर 6.03kW यानी 8.2 PS का आउटपुट देता है। बाइक में 110mm का रियर स्प्रिंग-इन-स्प्रिंग सस्पेंशन दिया गया है। इसके अलावा 11 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है, जो लंबी दूरी तय करने वाले यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकता है।
फीचर्स की बात करें तो Platina में इलेक्ट्रिक स्टार्ट, लंबी और आरामदायक सीट, LED DRLs, नए रियर-व्यू मिरर, 200mm ग्राउंड क्लियरेंस और 1,255mm व्हीलबेस जैसे फीचर्स मिलते हैं। सेफ्टी के लिहाज से इसमें सिंगल-चैनल ABS, CBS, फ्रंट डिस्क ब्रेक, ऑटोमैटिक हेडलाइट ऑन और ट्यूबलेस टायर्स दिए गए हैं।
वहीं TVS Sport में 109.7cc का सिंगल-सिलेंडर, 4-स्ट्रोक, एयर-कूल्ड इंजन मिलता है। यह इंजन 7,350 rpm पर 8.08 bhp की पावर और 4,500 rpm पर 8.7 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक फ्यूल इंजेक्शन सिस्टम दिया गया है और इंजन को 4-स्पीड गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।
TVS Sport में इलेक्ट्रिक स्टार्ट के साथ स्टाइलिश डेकल, ऑटोमैटिक हेडलाइट ऑन, स्पोर्टी हेडलैंप, प्रीमियम 3D लोगो, नए ग्राफिक्स और स्पोर्टी डिजाइन जैसे फीचर्स मिलते हैं। बाइक में Synchronized Braking System, ट्यूबलेस टायर्स, हाई-स्ट्रेंथ सिंगल क्रैडल और पीलियन गार्डरेल जैसे सेफ्टी फीचर्स भी मिलते हैं।
कीमत की बात करें तो Bajaj Platina की शुरुआती एक्स-शोरूम (दिल्ली) कीमत 72,942 रुपये है। वहीं TVS Sport की शुरुआती एक्स-शोरूम (दिल्ली) कीमत 58,750 रुपये रखी गई है। यानी शुरुआती कीमत के मामले में TVS Sport, Platina से कम बजट में उपलब्ध है।
डेली यूज के लिहाज से दोनों बाइक्स अपनी-अपनी खूबियों के साथ आती हैं। Platina में बेहतर सेफ्टी फीचर्स और बड़ा फ्यूल टैंक मिलता है, जबकि TVS Sport कम कीमत और ज्यादा इंजन क्षमता के साथ एक किफायती विकल्प बनती है। ऐसे में बाइक खरीदने से पहले अपने बजट और जरूरत के अनुसार दोनों मॉडल की तुलना करना बेहतर रहेगा।
