जेएसए सुपर डिवीजन फुटबॉल लीग के मैच नंबर-49 में सोमवार को सुमंत मूलगांवकर स्टेडियम में न्यू ब्वॉयज क्लब और जंगल टाइगर फुटबॉल एकेडमी के बीच रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। न्यू ब्वॉयज क्लब ने पहले हाफ के इंजुरी टाइम में बढ़त बनाई। सूरज हांसदा (जर्सी नंबर-09) ने 45+3वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। दूसरे हाफ की शुरुआत में न्यू ब्वॉयज क्लब ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली। परेश किस्कू (जर्सी नंबर-11) ने 49वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
दो गोल से पिछड़ने के बाद जंगल टाइगर फुटबॉल एकेडमी ने शानदार वापसी की। लखन हांसदा (जर्सी नंबर-20) ने 66वें मिनट में पहला गोल किया। इसके बाद 81वें मिनट में दूसरा गोल दागकर अपनी टीम को 2-2 की बराबरी दिला दी। अंतिम मिनटों में दोनों टीमों ने निर्णायक गोल के लिए प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली और मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा।
मैच के दौरान तीन खिलाड़ियों को पीला कार्ड दिखाया गया। न्यू ब्वॉयज क्लब के दीपु सरदार को 41वें मिनट में, जबकि जंगल टाइगर फुटबॉल एकेडमी के चंद्राई हेम्ब्रम को 72वें और रोहित सरदार को 88वें मिनट में चेतावनी दी गई। मुकाबले में किसी खिलाड़ी को मैदान से बाहर नहीं भेजा गया।
