August 16, 2026
EDUCATION

डी.बी.एम.एस. कदमा हाई स्कूल की सीनियर कक्षाओं के शैक्षणिक सत्र 2025-26 का वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह मंगलवार को आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर थे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं प्रार्थना गीत से हुआ। इस मौके पर स्कूल की प्राचार्य गुरमीत भामरा के नेतृत्व में शैक्षणिक जुलूस निकाला गया। प्राचार्या ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा भावी योजनाओं की जानकारी दी।

समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सर्वांगीण विकास को सम्मानित करना था। कक्षा छह से नौ तक के विद्यार्थियों को ‘परसिवियरेंस’, ‘मोस्ट रिस्पॉन्सिबल’, ‘ऑल राउंडर’, ‘चाइल्ड फॉर आर्ट्स’ सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं कक्षा 11 और 12 के मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ‘बेस्ट क्लब’ का पुरस्कार टॉप क्लब को तथा ‘बेस्ट हाउस’ का सम्मान सैफायर हाउस को प्रदान किया गया। विद्यालय स्काउट एवं गाइड से जुड़े विद्यार्थियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों की मनमोहक नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतुल भटनागर ने छात्रों कॉल निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्यों की ओर अग्रसर रहने का संदेश दिया। वहीं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष (फाइनेंस) डॉ. वी. चंद्रशेखर ने पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें भविष्य में भी विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *