वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल पर शुक्रवार को शराब ले जा रहे सीएनजी टेंपो में आग लग गई। रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में पाया नंबर 3 और 4 के बीच हुई घटना में चालक टेंपो से कूदकर बच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा वाहन लपटों से घिर गया।
टेंपो में आग लगने के बाद पुल पर दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा। इसे देखकर पुल से गुजर रहे लोगों ने अपने वाहन रोक दिए। इससे कुछ देर के लिए जाम लग गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।
सूचना मिलने पर रुस्तमपुर थाने की पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस की जांच में सामने आया कि टेंपो से शराब की तस्करी की जा रही थी। तस्कर राघोपुर से पटना जा रहा था। शराब टेंपो के इंजन के पास छिपाकर रखी गई थी। पुलिस के मुताबिक, इंजन गर्म होने के कारण आग लगी और देखते ही देखते पूरे टेंपो में फैल गई। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक टेंपो पूरी तरह जल चुका था। पुलिस जले हुए टेंपो को जब्त कर थाने ले गई है। थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। जांच में शराब तस्करी की बात सामने आई है। पुलिस अब चालक, टेंपो मालिक और शराब तस्कर की पहचान करने में जुटी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में सभी संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
