July 31, 2026
images (6)

अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने अपनी सुपरहिट फिल्म ‘करण अर्जुन’ के चर्चित गीत ‘मुझको राणाजी माफ करना’ के रीमेक ‘राणाजी 2.0’ पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रीमेक में नजर आईं अभिनेत्री माहिरा शर्मा की तारीफ की, लेकिन साथ ही कहा कि मूल गीत आज भी लोगों के दिलों और दिमाग में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।

एक बातचीत में ममता कुलकर्णी ने कहा कि माहिरा शर्मा ने गाने में अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि मूल गीत भारतीय संस्कृति की झलक, घाघरा-चोली और पारंपरिक डांस मूव्स के साथ फिल्माया गया था, जबकि ‘राणाजी 2.0’ को पश्चिमी अंदाज और आधुनिक परिधानों के साथ प्रस्तुत किया गया है। यही वजह है कि दोनों गानों का प्रस्तुतीकरण अलग है। हालांकि, उनका मानना है कि ओरिजिनल गाना लोगों के जहन में इतनी गहराई से बसा हुआ है कि उसकी याद आज भी ताजा हो जाती है।

ममता कुलकर्णी ने ओरिजिनल गाने की शूटिंग से जुड़ा एक दिलचस्प अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कोरियोग्राफर चिन्नी प्रकाश ने दो-तीन दिन की रिहर्सल रखी थी, लेकिन उन्होंने पहले ही दिन सभी स्टेप्स सीख लिए थे। हालांकि, शूटिंग वाले दिन पूरी कोरियोग्राफी बदल दी गई, जिससे उन्हें काफी हैरानी हुई। इसके बावजूद पूरी टीम ने तालमेल के साथ काम किया और तय समय में गाने की शूटिंग पूरी कर ली।

अभिनेत्री ने फिल्मों में अपनी वापसी की संभावना पर भी बात की। उन्होंने कहा कि उन्हें अभिनय के कई प्रस्ताव मिल रहे हैं और यदि कोई मजबूत कहानी और प्रभावशाली स्क्रिप्ट मिलती है तो वह जरूर वापसी करेंगी। ममता ने कहा कि समय के साथ उनका नजरिया बदल गया है और अब वह किसी भी प्रोजेक्ट का चयन काफी सोच-समझकर करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *