झारखंड का गौरव निखिल बारला का शनिवार को सपना सच हो गया, जब 22 वर्षीय लेफ्ट-बैक ने लंदन में यूनिटी कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ सीनियर भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए अपना पहला मैच खेला, हालांकि भारत का यूनिटी कप 2026 अभियान निराशाजनक रहा, क्योंकि ब्लू टाइगर्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा. शनिवार को लंदन के द वैली में खेले गए तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्हें 0-1 से हार मिली. झारखंड का कोई भी खिलाड़ी 15 वर्ष बाद भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए अपना मैच खेला है, इससे पहले 2011 में दीपक मंडल भारतीय राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए खेला था। जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के 22 वर्षीय लेफ्ट-बैक निखिल बारला ने 89वें मिनट में निखिल पुजारी की जगह लेकर सीनियर भारतीय टीम के लिए पदार्पण किया और मुख्य कोच खालिद जमील के मार्गदर्शन में अपना पहला मैच खेला. बारला के लिए यह पल उनके तूफानी सप्ताह का समापन था, जिसमें उन्हें पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया और फिर उन्होंने भारतीय जर्सी पहनकर मैदान पर कदम रखा. इस पदार्पण ने बारला को जमील से भी फिर से मिला दिया, जिन्होंने पहले जमशेदपुर फुटबॉल क्लब में क्लब स्तर पर उन्हें कोचिंग दी थी।
बारला ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि कोच मेरे खेल को जानते हैं व उन्हें आत्मविश्वास देते हैं. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने पहले कदम रखते समय यह विश्वास बहुत मददगार होता है।
भारतीय जर्सी पहला हमेशा मेरा सपना रहा: निखिल बारला
मैच के बाद बारला ने कहा कि भारतीय जर्सी पहनना हमेशा से मेरा सपना था. भले ही कुछ मिनटों के लिए ही सही, अपने देश के लिए खेलना एक ऐसा अनुभव है जिसे वह कभी नहीं भूल सकते यह तो बस शुरुआत है. बारला ने टूर्नामेंट का आकलन करते हुए कहा कि यूनिटी कप ने उन्हें उच्च रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ बहुमूल्य सबक सिखाए. हम कुछ और नतीजा चाहते थे, लेकिन इन मैचों से हमें अपनी स्थिति और सुधार के क्षेत्रों का पता चलता है।
