इंडियनऑयल डूरंड कप में जमशेदपुर एफसी ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए श्रीलंका की डिफेंडर्स एफसी को 5-0 से करारी शिकस्त दी। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में खेले गए ग्रुप-सी के मुकाबले में नए खिलाड़ी रेनियर फर्नांडिस ने पदार्पण मैच में ही हैट्रिक लगाकर जीत के नायक बने। उनके अलावा अमन सी.के. और देवेंद्र धाकू मुर्गाओकर ने भी एक-एक गोल दागा।
जमशेदपुर एफसी ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। चौथे मिनट में सनन मोहम्मद के क्रॉस पर रेनियर फर्नांडिस ने हेडर से पहला गोल किया। इसके दो मिनट बाद उन्होंने शानदार शॉट लगाकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
23वें मिनट में अमन सी.के. ने गोलकीपर के ऊपर से शानदार चिप शॉट लगाकर स्कोर 3-0 कर दिया। 39वें मिनट में अमन के क्रॉस पर देवेंद्र धाकू मुर्गाओकर का प्रयास गोल में बदल गया और पहले हाफ तक जमशेदपुर एफसी ने 4-0 की मजबूत बढ़त बना ली।
दूसरे हाफ में डिफेंडर्स एफसी ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जमशेदपुर की मजबूत रक्षा पंक्ति के सामने उसे कोई सफलता नहीं मिली। 82वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी लॉमसांगज़ुआला के शॉट पर गोलकीपर से छिटकी गेंद को रेनियर फर्नांडिस ने गोल में पहुंचाकर अपनी हैट्रिक पूरी की और टीम की 5-0 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी।
इस प्रभावशाली जीत के साथ जमशेदपुर एफसी ने डूरंड कप के ग्रुप-सी में विजयी आगाज किया और अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। मुकाबले के दौरान टीम ने पूरे समय गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और श्रीलंकाई टीम को कोई प्रभावी मौका नहीं दिया।
