दानापुर रेल मंडल के बनाही रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रविवार को रेल यात्री कल्याण समिति की बनाही शाखा की ओर से धरना दिया गया।
चार प्रमुख ट्रेनों के ठहराव समेत यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग रेल यात्री कल्याण समिति ने स्टेशन मास्टर को सौंपा मांगपत्र
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर सिंह की अध्यक्षता और मोहम्मद साजिद खान के संचालन में हुए धरने के बाद समिति के पदाधिकारियों व स्थानीय लोगों ने स्टेशन मास्टर को मांगपत्र सौंपा। धरना में नेयाज खान, समिति के उपाध्यक्ष आसिफ खान, जुबैर खान, सोहराब खान, राजू खान, कैफ खान, कैश खान, अंतू यादव, कुशाल पांडेय, अंकित पांडे, हरेंद्र कुमार और साजिद खान शामिल रहे। समिति ने पटना-बक्सर फास्ट पैसेंजर (53201/53202), टाटा-बक्सर एक्सप्रेस (18183/18184), मगध एक्सप्रेस (20801/20802) और विभूति एक्सप्रेस (13047/13048) के बनाही में ठहराव की मांग की। साथ ही दोनों प्लेटफॉर्मों का 24-रैक के अनुरूप ऊंचीकरण, विस्तार व PCC ढलाई का वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए अनुमोदित कार्य जल्द पूरा कराने की मांग रखी। मांग-पत्र में रेलवे फाटक संख्या 57 सी से टिकट काउंटर/प्लेटफॉर्म तक पीसीसी सड़क, डाउन प्लेटफॉर्म पर नया यात्री प्रतीक्षालय, आरक्षण टिकट काउंटर, महिला शौचालय, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, साफ-सफाई और बैठने के लिए स्टील कुर्सियों की व्यवस्था कराने की मांग भी शामिल है। समिति के अनुसार बनाही स्टेशन सौ से अधिक गांवों के विद्यार्थियों, किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों और मरीजों के आवागमन का प्रमुख साधन है। स्टेशन पर सुविधाएं बढ़ने और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
