August 14, 2026
image (4)

बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू होने के बावजूद पुलिसकर्मी और शराब माफिया की कथित नजदीकी का मामला सामने आया है।

मुजफ्फरपुर जिले के औराई थाना (डायल-112) में पदस्थापित पुलिस सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) विपिन सिंह को चिन्हित शराब माफिया के साथ डांस करते हुए वायरल वीडियो के बाद तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर की है।
मामला उस समय सामने आया, जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इसमें एएसआई विपिन सिंह एक व्यक्ति के साथ नृत्य करते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो सामने आने के बाद उनके आचरण पर सवाल उठे और एसएसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी वन से मामले की जांच कराई गई।
जांच में सामने आया कि वीडियो में एएसआई के साथ नृत्य कर रहा व्यक्ति औराई थाना क्षेत्र का चिन्हित शराब माफिया दिलचंद राय है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दिलचंद राय के खिलाफ शराब बरामदगी से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में आरोप पत्र दाखिल हो चुका है। आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के साथ पुलिस पदाधिकारी की इस तरह की निकटता को गंभीर अनुशासनहीनता माना गया।
एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि गंभीर आपराधिक पृष्ठभूमि वाले व्यक्ति के साथ इस प्रकार का मेलजोल पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के विरुद्ध है।
विभागीय जांच में एएसआई विपिन सिंह का आचरण अनुशासनहीन, लापरवाह और स्वेच्छाचारी पाया गया। इससे पुलिस विभाग की छवि भी धूमिल हुई है।
एसडीपीओ पूर्वी वन की जांच रिपोर्ट के आधार पर एएसआई विपिन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस महकमे में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *