August 5, 2026
5

अक्सर लोगों की धारणा होती है कि संस्कृत विषय से पढ़ाई करने के बाद करियर के विकल्प सीमित हो जाते हैं, लेकिन बदलते समय के साथ यह सोच अब बदल रही है। नई शिक्षा नीति, इंडियन नॉलेज सिस्टम और संस्कृत से जुड़े प्राचीन दस्तावेजों के संरक्षण व डिजिटलीकरण पर बढ़ते जोर के कारण इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सामने आ रहे हैं।

अगर आपने संस्कृत में BA, MA, BEd, UGC NET या PhD की है, तो आपके लिए सिर्फ शिक्षक बनने तक ही विकल्प सीमित नहीं हैं। संस्कृत के जानकार रिसर्च, अनुवाद, प्रशासनिक सेवाओं, पांडुलिपि संरक्षण और आयुष क्षेत्र में भी करियर बना सकते हैं।

संस्कृत में ग्रेजुएशन और जरूरी योग्यता रखने वाले उम्मीदवार केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सैनिक स्कूल और राज्य सरकार के स्कूलों में TGT और PGT शिक्षक पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, MA के बाद UGC NET या PhD करने वाले अभ्यर्थियों के लिए सरकारी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के अवसर उपलब्ध होते हैं। इसके अलावा कई राज्यों के संस्कृत विद्यालयों और सरकारी गुरुकुलों में भी समय-समय पर नियुक्तियां होती रहती हैं।

संस्कृत के साथ हिंदी और अन्य भाषाओं की जानकारी रखने वाले उम्मीदवार सरकारी विभागों में ट्रांसलेटर और राजभाषा से जुड़े पदों पर भी आवेदन कर सकते हैं। राष्ट्रीय पुस्तकालय, संग्रहालय और पुरातत्व विभाग से जुड़े संस्थानों में संस्कृत ग्रंथों और प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण व शोध के क्षेत्र में भी अवसर मिलते हैं।

पारंपरिक ज्ञान और प्राचीन ग्रंथों को डिजिटल रूप देने वाले प्रोजेक्ट्स में भी संस्कृत विशेषज्ञों की मांग बढ़ रही है। CSIR की ट्रेडिशनल नॉलेज डिजिटल लाइब्रेरी (TKDL) जैसे क्षेत्रों में संस्कृत की समझ रखने वाले विशेषज्ञों की जरूरत होती है।

संस्कृत विषय के छात्र UPSC और राज्य PCS जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर सकते हैं। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की मुख्य परीक्षा में संस्कृत साहित्य को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना जा सकता है। इसके अलावा आयुष मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले संस्थानों, आयुर्वेद कॉलेजों, योग संस्थानों और रिसर्च सेंटरों में भी संस्कृत जानने वाले योग्य उम्मीदवारों के लिए अवसर उपलब्ध रहते हैं।

संस्कृत से जुड़ी सरकारी नौकरी की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों को केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, कर्मचारी चयन आयोग (SSC), संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), राज्य लोक सेवा आयोग, केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) की भर्ती सूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए। इन संस्थानों में समय-समय पर शैक्षणिक और प्रशासनिक पदों के लिए भर्तियां जारी की जाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *