नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के छात्रों ने अपनी रचनात्मकता व पेशेवर कौशल का परिचय देते हुए अरीना एनिमेशन में सफलता हासिल की. यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित कैंपस ड्राइव के माध्यम से अलग-अलग पाठ्यक्रमों के पांच छात्रों का चयन किया गया. चयनित छात्रों को कंपनी की ओर से 2.6 लाख रुपये प्रति वर्ष का पैकेज ऑफर किया गया है।
यूनिवर्सिटी के प्रबंधन और तकनीकी विभाग के छात्रों ने अपनी योग्यता के अनुसार अलग-अलग पदों पर स्थान पक्का किया है, जिनमें बीबीए, एमबीए, और बी.टेक के छात्र शामिल हैं, जिन्हें उनकी विशेषज्ञता के आधार पर ग्राफिक्स डिजाइनर और सेल्स मैनेजर के महत्वपूर्ण पदों के लिए चुना गया है. इस उपलब्धि पर यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारे छात्र तकनीकी और रचनात्मक दोनों ही क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं. अरीना एनिमेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में ग्राफिक्स व सेल्स जैसे पदों पर चयन होना यह दर्शाता है कि छात्रों को बहुमुखी प्रतिभा के लिए तैयार किया जाता है।
यूनिवर्सिटी के कुलपति डा. प्रभात कुमार पाणि ने कहा कि वर्तमान समय में क्रिएटिव इंडस्ट्री और सेल्स मैनेजमेंट दोनों ही क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं. बी.टेक और एमबीए के छात्रों का इन भूमिकाओं के लिए चुना जाना उनकी अनुकूलन क्षमता को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य हमेशा से अपने छात्रों को उद्योग की नवीनतम आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित करना रहा है. कैंपस में इस चयन के बाद से ही उत्साह का माहौल है , चयनित छात्रों ने अपनी इस सफलता का श्रेय यूनिवर्सिटी के शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्लेसमेंट सेल द्वारा उपलब्ध कराए गए अवसरों को दिया है।
