टाटा स्टील कर्मचारियो के लिए जुलाई 2026 तिमाही के महंगाई भत्ते (डीए) की गणना के अनुसार कर्मचारियों के डीए में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है। मार्च, अप्रैल और मई 2026 के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के औसत के आधार पर डीए में वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। गणना के अनुसार पिछली तिमाही (दिसंबर 2025, जनवरी 2026 और फरवरी 2026) का औसत सीपीआई 148.43 था, जबकि वर्तमान तिमाही (मार्च, अप्रैल और मई 2026) का औसत 149.93 रहा। इस प्रकार दोनों तिमाहियों के औसत में 1.50 अंकों की वृद्धि दर्ज की गई है।
निर्धारित फॉर्मूले के अनुसार डीए की गणना करने पर लगभग 98 अंक (कुछ गणनाओं में 97 अंक) की बढ़ोतरी बनती है। पुराने ग्रेड रिवीजन के तहत एनएस ग्रेड कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में करीब 98 अंक अर्थात लगभग 294 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि का अनुमान है। यह बढ़ा हुआ डीए जुलाई 2026 से प्रभावी होगा और इसका भुगतान अगस्त 2026 के वेतन के साथ किया जाएगा।
वहीं ओएस ग्रेड कर्मचारियों के लिए पुराने ग्रेड रिवीजन के तहत डीए में 1.51 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। इसके बाद उनका डीए 50.61 प्रतिशत हो जाएगा। नए ग्रेड रिवीजन के अनुसार एनएस ग्रेड कर्मचारियों के डीए में 97 अंक (लगभग 291 रुपये) की वृद्धि होगी, जिसके बाद कुल डीए 1,149 रुपये प्रतिमाह हो जाएगा। वहीं ओएस ग्रेड कर्मचारियों के डीए में 1.02 प्रतिशत की बढ़ोतरी का अनुमान है, जिसके बाद उनका डीए 4.04 प्रतिशत हो जाएगा।
