November 13, 2026
WhatsApp Image 2026-11-13 at 10.10.09 AM

सीएसआईआर-एनएमएल ने बेंगलुरु की सर्क्यूओर प्रा. लि. को हस्तांतरित की तकनीक, 99.99 प्रतिशत तक शुद्ध धातुओं की होगी पुनर्प्राप्ति
जमशेदपुर, 13 नवंबर। प्रयुक्त लिथियम-आयन बैटरियों से महत्वपूर्ण धातुओं को पुनः प्राप्त करने की दिशा में सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल), जमशेदपुर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एनएमएल ने 12 नवंबर को बेंगलुरु की कंपनी मेसर्स सर्क्यूओर प्रा. लि. (CircuOre Pvt. Ltd.) के साथ प्रयुक्त लिथियम-आयन बैटरियों के पुनर्चक्रण की स्वदेशी तकनीक के हस्तांतरण के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस तकनीक के माध्यम से बेकार बैटरियों से लिथियम, कोबाल्ट, मैंगनीज, निकल और ग्रेफाइट जैसी मूल्यवान सामग्रियों को दोबारा प्राप्त किया जा सकेगा।
सर्क्यूओर प्रा. लि. अपने बेंगलुरु स्थित पुनर्चक्रण संयंत्र में इस तकनीक का व्यावसायिक उपयोग करेगी। कंपनी का उद्देश्य जीरो-वेस्ट यानी शून्य अपशिष्ट के सिद्धांत पर बैटरियों का पुनर्चक्रण करना है। इससे न केवल इलेक्ट्रॉनिक कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निपटारा संभव होगा, बल्कि महत्वपूर्ण धातुओं की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने और आयात पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।
एनएमएल की ओर से विकसित यह तकनीक बैटरियों से प्राप्त ब्लैक मास (ब्लैक कैथोडिक मटेरियल) के प्रसंस्करण पर आधारित है। इसमें यांत्रिक पूर्व-उपचार के बाद हाइड्रोमेटालर्जिकल और इलेक्ट्रोमेटालर्जिकल प्रक्रियाओं के माध्यम से धातुओं को अलग किया जाता है। इसके लिए लीचिंग, अवक्षेपण, विलायक निष्कर्षण, वाष्पीकरण और इलेक्ट्रो-विनिंग जैसी प्रक्रियाओं का इस्तेमाल किया जाता है। तकनीक की खासियत यह है कि इससे प्राप्त धातु लवणों की शुद्धता 98 प्रतिशत से अधिक और धातुओं की शुद्धता 99.99 प्रतिशत से अधिक तक पाई गई है।
इस प्रक्रिया से लिथियम, कोबाल्ट, मैंगनीज और निकल के अलावा प्लास्टिक तथा ग्रेफाइट की भी पुनर्प्राप्ति की जा सकेगी। इससे बैटरी कचरे के अनियंत्रित निपटान से होने वाले पर्यावरण प्रदूषण, मिट्टी के दूषित होने और विषाक्त धातुओं के उत्सर्जन पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
तकनीक हस्तांतरण समारोह में एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी, एमआरआर प्रमुख एवं परियोजना प्रमुख डॉ. मनीष कुमार झा, डॉ. अंकुर शर्मा, डॉ. रेखा पांडा, डॉ. रुखसाना परवीन, आरपीबीडी विभाग के डॉ. एस.के. पाल, डॉ. बीना कुमारी और डॉ. अंजनी कुमार साहू उपस्थित थे। इन विशेषज्ञों ने तकनीक के विकास, आवश्यक दस्तावेजीकरण और हस्तांतरण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं, सर्क्यूओर प्रा. लि. के निदेशक रविचंदर एस. और श्रीकुमार डी.वी. ने इस तकनीक को अपनाने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बैटरी पुनर्चक्रण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण जरूरत है। एनएमएल की इस तकनीक के माध्यम से प्रदूषण मुक्त समाज के निर्माण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में योगदान दिया जा सकेगा।
एनएमएल के निदेशक डॉ. संदीप घोष चौधरी ने कहा कि संस्थान ने पिछले कुछ वर्षों में भारतीय कंपनियों को कई स्वदेशी तकनीकें हस्तांतरित की हैं। भविष्य में भी अधिकाधिक तकनीकों का हस्तांतरण कर भारत को ई-कचरा मुक्त समाज बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
रोजगार और नए उद्योगों को मिलेगा बढ़ावा
लिथियम-आयन बैटरी पुनर्चक्रण का क्षेत्र देश में रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास की व्यापक संभावनाएं रखता है। इस तकनीक को भविष्य में लघु एवं कुटीर उद्योगों तक विस्तारित किया जा सकता है। इससे नए उद्यमियों, इंजीनियरों और युवाओं के लिए स्टार्टअप तथा स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। सरकारी और निजी उद्योगों, नगर निकायों तथा पुनर्चक्रण क्षेत्र से जुड़े संगठनों में भी इस तकनीक को अपनाया जा सकता है।
इस प्रकार एनएमएल की स्वदेशी और लागत प्रभावी तकनीक देश में चक्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महत्वपूर्ण धातुओं की मांग और आपूर्ति के बीच अंतर को कम करने में सहायक होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *