September 9, 2026
kuikiuhy

सड़क, घर या किसी सार्वजनिक जगह पर अचानक कोई व्यक्ति बेहोश होकर गिर जाए, तो ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सही कदम उठाना जरूरी है। शुरुआती मिनटों में दी गई मदद कई बार बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि व्यक्ति बेहोश है या उसे कार्डियक अरेस्ट हुआ है।

व्यक्ति के पास जाने से पहले आसपास का माहौल सुरक्षित है या नहीं, यह जरूर देखें। फिर उसे आवाज दें और कंधे पर हल्के से थपथपाकर प्रतिक्रिया जांचें। कोई जवाब न मिलने पर तुरंत लोगों से मदद मांगें और 112 पर इमरजेंसी मेडिकल सहायता के लिए कॉल करवाएं।

इसके बाद सांस की जांच करें। व्यक्ति सामान्य रूप से सांस ले रहा है या नहीं, इस पर ध्यान दें। अगर सांस पूरी तरह बंद है या सिर्फ असामान्य तरीके से हांफ रहा है, तो इसे सामान्य सांस न समझें। यह कार्डियक अरेस्ट की स्थिति हो सकती है, जिसमें CPR तुरंत शुरू करना जरूरी है।

व्यक्ति को पीठ के बल किसी सख्त और समतल जगह पर लिटाकर छाती के बीचों-बीच दोनों हाथों से चेस्ट कम्प्रेशन शुरू करें। वयस्क के लिए करीब 5-6 सेंटीमीटर की गहराई और प्रति मिनट 100-120 कम्प्रेशन की गति रखने की कोशिश करें।

प्रशिक्षित व्यक्ति 30 कम्प्रेशन के बाद 2 सांसें दे सकता है। हालांकि, अगर मुंह से सांस देने में असहजता है, तो केवल लगातार चेस्ट कम्प्रेशन देना भी मददगार हो सकता है।

अगर पास में AED यानी ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर उपलब्ध है, तो उसे तुरंत मंगवाकर डिवाइस के निर्देशों के मुताबिक इस्तेमाल करें। AED हार्ट रिदम का विश्लेषण करता है और जरूरत पड़ने पर इलेक्ट्रिक शॉक देने का निर्देश देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *