June 25, 2026
TATA

टाटा स्टील के कर्मचारियों के वेज रिवीजन समझौते के बाद बुधवार शाम आयोजित टाटा वर्कर्स यूनियन की कमेटी मीटिंग में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। समझौते की जानकारी और उसकी प्रति कमेटी मेंबरों तक पहुंचने से पहले कर्मचारियों के बीच वायरल होने को लेकर सदस्यों ने कड़ा विरोध जताया। इस दौरान करीब 10 मिनट तक यूनियन अध्यक्ष संजीव चौधरी को बोलने नहीं दिया गया।

कमेटी मेंबरों ने सवाल उठाया कि जब समझौते की जानकारी पहले कर्मचारियों तक पहुंच गई थी तो कमेटी सदस्यों को इसकी जानकारी समय पर क्यों नहीं दी गई। अध्यक्ष ने इस आरोप को गलत बताते हुए सदस्यों को शांत कराया। इसके बाद उन्होंने वेज रिवीजन समझौते के प्रमुख बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी।

एसएनटीआई प्रेक्षागृह में आयोजित यह बैठक रात करीब पौने आठ बजे शुरू हुई और लगभग आधे घंटे तक चली।

पहली बार नहीं दिखा जश्न का माहौल
वेज रिवीजन समझौते के बाद आमतौर पर यूनियन पदाधिकारियों के स्वागत में ढोल-नगाड़े, आतिशबाजी और फूल-मालाओं का दौर देखने को मिलता रहा है। हालांकि इस बार ऐसा कोई दृश्य नहीं दिखा। यूनियन पदाधिकारी जब रात करीब पौने आठ बजे एसएनटीआई पहुंचे तो वहां न तो पटाखे फोड़े गए और न ही भव्य स्वागत की व्यवस्था थी।

दिनभर चलता रहा इंतजार
समझौते की सूचना मिलने के बाद सुबह से ही यूनियन कार्यालय में कमेटी मेंबरों और कर्मचारियों का जुटना शुरू हो गया था।ra दोपहर करीब दो बजे सदस्यों को शाम चार बजे एसएनटीआई में कमेटी मीटिंग होने की सूचना दी गई। इसके बाद सदस्य एसएनटीआई पहुंचने लगे। बाद में चार बजे फिर सूचना दी गई कि बैठक शाम 5.45 बजे होगी। हालांकि यूनियन पदाधिकारी रात करीब पौने आठ बजे एसएनटीआई पहुंचे, जिसके बाद बैठक शुरू हो सकी।

जेनरल ऑफिस में हुई समझौते की औपचारिकता
सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब साढ़े 12 बजे यूनियन पदाधिकारियों को शाम चार बजे जेनरल ऑफिस पहुंचने का संदेश दिया गया था। वहां पहुंचने पर कंपनी के अधिकारियों जुबिन पालिया और राहुल दुबे ने उन्हें समझौते की रूपरेखा से अवगत कराया। इसके बाद सभी पदाधिकारी बोर्ड रूम पहुंचे, जहां पहले से ही उप श्रमायुक्त (डीएलसी) अरविंद कुमार, टाटा स्टील के प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन, चीफ पीपुल ऑफिसर आत्रेयी सान्याल समेत कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी और यूनियन के शीर्ष पदाधिकारी मौजूद थे। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वेज रिवीजन समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।


उम्मीद के मुताबिक समझौता करने में यूनियन असफल: आर सी झा
आज बहुप्रतीक्षित ग्रेड समझौता सम्पन्न हुआ।
जैसी उम्मीद थी वैसा समझौता कर पाने में यूनियन के पदाधिकारी विफल रहे। इसका मुख्य कारण सभी पदाधिकारियों का ग्रेड पर फोकस का आभाव एवं आपसी समन्वय और विश्वास की कमी रही। पदाधिकारी ग्रेड से ज्यादा यूनियन के अपने टर्म को बढ़ाने और आपसी राजनीति को साधने में लगे रहे । इसी कारण वे बहुत अच्छा बारगेनिंग नहीं कर सके और आम कर्मचारी खासकर एन एस के कर्मचारियों को निराश किया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *