September 24, 2026
1200-675-27696665-thumbnail-16x9-djd

भारत के खिलाफ 27 सितंबर से शुरु होने वाले पहले एकदिवसीय सीरीज के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम बुधवार सुबह तिरुवनंतपुरम पहुंच गई। दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार दोपहर दो बजे शुरू होगा।

शाई होप की कप्तानी वाली वेस्टइंडीज टीम तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के पहले मुकाबले में भारत का सामना करेगी। श्रृंखला का दूसरा मुकाबला 30 सितंबर को गुवाहाटी में और तीसरा मैच तीन अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा।

क्रिकेट वेस्टइंडीज ने भारत दौरे के लिए तीन एकदिवसीय और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की टीमों की घोषणा की है। यह दौरा 27 सितंबर से 18 अक्टूबर तक आठ शहरों में खेला जाएगा।

वेस्टइंडीज की एकदिवसीय टीम में जॉन कैंपबेल की वापसी हुई है। वह हैमस्ट्रिंग चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम दो एकदिवसीय मैचों में नहीं खेल सके थे। एकेम ऑगस्टे की जगह ज्वेल एंड्रयू को टीम में शामिल किया गया है।

ऑगस्टे अगस्त में सर्जरी के बाद अभी पुनर्वास की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।

शिमरॉन हेटमायर न्यूजीलैंड के खिलाफ अंतिम दो एकदिवसीय मैचों में खेले थे। उन्हें कैरेबियन प्रीमियर लीग के बाद अतिरिक्त आराम दिए जाने के कारण वह भारत के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में टीम के साथ नहीं होंगे और टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए जुड़ेंगे।

भारत के खिलाफ पहले दो एकदिवसीय मैचों के साथ आईसीसी पुरुष 50 ओवर विश्व कप का मौजूदा क्वालीफिकेशन चक्र भी समाप्त होगा।

हालांकि, परिणाम चाहे जो भी हों, वेस्टइंडीज अंक तालिका में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को पीछे नहीं छोड़ पाएगा। ऐसे में उसे अगले साल की शुरुआत में होने वाले क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट के जरिए विश्व कप में जगह बनाने की कोशिश करनी होगी।

भारत की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे, जबकि केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है।

रोहित शर्मा और विराट कोहली को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया गया है। यह श्रृंखला भारत के लिए 2027 एकदिवसीय विश्व कप की तैयारियों के बीच खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने का महत्वपूर्ण अवसर होगी।

रवींद्र जडेजा और मोहम्मद सिराज की भी भारत की एकदिवसीय टीम में वापसी हुई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी और पंजाब के ऑलराउंडर नमन धीर को पहली बार एकदिवसीय टीम में शामिल किया गया है।

वेस्टइंडीज एकदिवसीय टीम: शाई होप (कप्तान), ज्वेल एंड्रयू, जॉन कैंपबेल, कीसी कार्टी, रोस्टन चेज, मैथ्यू फोर्ड, जस्टिन ग्रीव्स, अमीर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, विटेल लॉज, गुडाकेश मोती, कीमो पॉल, शेरफेन रदरफोर्ड, जेडन सील्स।

भारत की एकदिवसीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान), ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *