October 8, 2026
TATA STEEL

टाटा स्टील ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर 2026) में भारत में कच्चे इस्पात का उत्पादन 6.21 मिलियन टन दर्ज किया। यह पिछले वर्ष की समान तिमाही के 5.64 मिलियन टन की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है। पहली तिमाही के 5.76 मिलियन टन के मुकाबले उत्पादन में 8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कंपनी ने बुधवार को दूसरी तिमाही के उत्पादन और डिलीवरी के अनंतिम आंकड़े जारी किए।
पहली छमाही में टाटा स्टील इंडिया का उत्पादन 11.97 मिलियन टन रहा, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही के 10.87 मिलियन टन से 10 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के अनुसार जमशेदपुर और कलिंगानगर संयंत्रों में उत्पादन बढ़ने से यह वृद्धि हुई है।
भारत में दूसरी तिमाही के दौरान कंपनी की डिलीवरी 5.97 मिलियन टन रही। पहली तिमाही के 5.17 मिलियन टन की तुलना में इसमें 15 प्रतिशत और पिछले साल की समान अवधि के 5.55 मिलियन टन के मुकाबले 7 प्रतिशत की वृद्धि हुई। पहली छमाही में डिलीवरी 11.14 मिलियन टन रही, जो सालाना आधार पर 8 प्रतिशत अधिक है।
ऑटोमोटिव और स्पेशल प्रोडक्ट्स की रिकॉर्ड बिक्री
ऑटोमोटिव एंड स्पेशल प्रोडक्ट्स वर्टिकल ने करीब 1.1 मिलियन टन की अब तक की सर्वश्रेष्ठ दूसरी तिमाही बिक्री दर्ज की। इसमें तिमाही आधार पर 9 प्रतिशत और सालाना आधार पर 19 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कलिंगानगर में कंटीन्यूअस एनीलिंग और गैल्वनाइजिंग लाइनों तथा जमशेदपुर में कॉम्बी मिल के उत्पादन बढ़ाने से इसका लाभ मिला।
ब्रांडेड प्रोडक्ट्स एंड रिटेल कारोबार ने करीब 2.2 मिलियन टन की अब तक की सर्वश्रेष्ठ तिमाही बिक्री दर्ज की। टाटा टिस्कॉन की बिक्री भी रिकॉर्ड स्तर पर रही, जबकि टाटा कोष में तिमाही आधार पर 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
कंस्ट्रक्शन एंड सॉल्यूशंस वर्टिकल की बिक्री करीब 0.6 मिलियन टन रही। रेडी-टू-यूज सॉल्यूशंस में सालाना 32 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इंजीनियरिंग एंड पैकेजिंग वर्टिकल की बिक्री करीब 0.4 मिलियन टन रही, जिसमें तिमाही आधार पर 12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
ई-कॉमर्स कारोबार से 2,860 करोड़ रुपये का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू
कंपनी के डाउनस्ट्रीम उत्पादों—कोल्ड रोल्ड, गैल्वनाइज्ड, ट्यूब्स, टिनप्लेट, वायर और कलर्स—की बिक्री में भी वृद्धि जारी रही। कलर्स ने तिमाही आधार पर 34 प्रतिशत की वृद्धि के साथ अब तक की सर्वश्रेष्ठ तिमाही बिक्री दर्ज की। टाटा स्टील आशियाना और DigECA जैसे ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से तिमाही में 2,860 करोड़ रुपये का ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू हासिल हुआ, जो पिछली तिमाही से 30 प्रतिशत अधिक है।
नीदरलैंड में उत्पादन 1.52 मिलियन टन
टाटा स्टील नीदरलैंड्स में दूसरी तिमाही के दौरान लिक्विड स्टील उत्पादन करीब 1.52 मिलियन टन और डिलीवरी 1.30 मिलियन टन रही। डायरेक्ट शीट प्लांट अगस्त 2026 में दोबारा शुरू हुआ और स्थानीय नियामक प्राधिकरणों के साथ तय व्यवस्था के तहत अपनी निर्धारित क्षमता पर संचालित हो रहा है। पहली छमाही में उत्पादन 3.07 मिलियन टन और डिलीवरी 2.70 मिलियन टन रही।
वहीं, टाटा स्टील यूके ने खरीदे गए स्टील सब्सट्रेट की डाउनस्ट्रीम प्रोसेसिंग के जरिए ग्राहकों को आपूर्ति जारी रखी। दूसरी तिमाही में डिलीवरी 0.38 मिलियन टन रही। ब्रिटेन की सप्लाई चेन में नए सेफगार्ड उपायों के लागू होने से पहले इन्वेंट्री बढ़ने का असर डिलीवरी पर पड़ा। कंपनी ने लानवर्न पिकल लाइन का उत्पादन भी पूरी क्षमता से शुरू कर दिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *