August 8, 2026
846542

नेटफ्लिक्स पर 2026 में कई फिल्मों ने दस्तक दी, लेकिन एक स्पाई एक्शन थ्रिलर ने अपनी शानदार सफलता से सभी का ध्यान खींचा। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर न सिर्फ नए रिकॉर्ड बनाए, बल्कि ‘पुष्पा 2’ और ‘बाहुबली’ जैसी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों के रिकॉर्ड भी तोड़ दिए। अब यही भारतीय फिल्म नेटफ्लिक्स पर दुनियाभर में 2026 की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बन गई है। इतना ही नहीं, नेटफ्लिक्स के सीईओ टेड सारानडोस ने भी फिल्म की तारीफ करते हुए इसे कई इंग्लिश फिल्मों से बड़ा बताया है।

हम बात कर रहे हैं रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ की, जो दुनियाभर में 2026 की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म बन गई है। एक्सप्रेस अड्डा से बातचीत के दौरान नेटफ्लिक्स के सीईओ टेड सारानडोस ने कहा कि ‘धुरंधर’ इस साल दुनियाभर में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली नॉन-इंग्लिश फिल्म रही। उन्होंने कहा कि यह कई इंग्लिश फिल्मों से भी बड़ी रही और व्यूज के मामले में सिर्फ अमेरिका और यूके से पीछे रही।

30 जनवरी 2026 को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई इस फिल्म को जनवरी से जून के बीच 37 मिलियन व्यूज मिले थे। वहीं, यह 22 देशों में नेटफ्लिक्स की नंबर वन फिल्म रही। इसके दूसरे पार्ट ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को भी दुनियाभर में दर्शकों का खूब प्यार मिला।

‘धुरंधर’ 25 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 250 से 255 करोड़ रुपये के बजट में फिल्म के दोनों पार्ट बनाए गए थे। पहले पार्ट ने दुनियाभर में 1350.83 से 1428 करोड़ रुपये की कमाई की थी। वहीं, दूसरा पार्ट 19 मार्च 2026 को रिलीज हुआ और इसने दुनियाभर में 1852.44 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। दोनों पार्ट की कमाई को मिलाकर यह आंकड़ा 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा पहुंच गया।

‘धुरंधर’ एक स्पाई एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन आदित्य धर ने किया है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना, सारा अर्जुन, राकेश बेदी, गौरव गेरा और दानिश पंडोर अहम किरदारों में नजर आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *